बदायूं गोशाला में 20 गोवंश की मौत: संचालक समेत दो पर FIR, पशु क्रूरता और सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप
बदायूं के अभिगांव की अस्थायी गोशाला में भारी बारिश के कारण 20 गोवंश की मौत के मामले में पुलिस ने ...और पढ़ें
HighLights
अभिगांव गोशाला में बारिश से 20 गोवंश की मौत हुई।
संचालकों प्रियंक कौशिक और दानवीर पर प्राथमिकी दर्ज।
पशु क्रूरता और सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप।
जागरण संवाददाता, बदायूं। तीन दिन तक हुई लगातार बारिश के दौरान अभिगांव की अस्थायी गोशाला में गोवंश की मौत के मामले में अब पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। गोशाला में अव्यवस्थाओं और गोवंश की देखभाल में लापरवाही के साथ पशु क्रूरता और गोवध आरोप में संचालक प्रियंक कौशिक और दानवीर को नामजद किया गया है। प्राथमिकी में सरकारी धन के दुरुपयोग और गोवंश को समुचित चारा-पानी उपलब्ध न कराने का आरोप लगाया गया है।
अभिगांव के प्रशासक सत्यवीर सिंह की ओर से थाना उसावां में दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, 26 सितंबर को गोशाला में 428 गोवंश मौजूद थे। इनके भरण-पोषण के लिए शासन से प्रति गोवंश प्रतिदिन 50 रुपये के हिसाब से धनराशि दी जाती है।
शिकायत में बताया गया कि एक जनवरी 2026 से गोशाला शारदा सेवा समिति संचालित कर रही है और इस हिसाब से 21400 रुपये प्रतिदिन और करीब 6.42 लाख रुपये प्रति माह की धनराशि समिति को दी गई थी।

गोशाला की गाय।
सरकारी धन का नहीं किया सही उपयोग
आरोप है कि संचालकों प्रियंक और दानवीर ने सरकारी धन का सही उपयोग नहीं किया और गोवंश की उचित देखभाल नहीं की। लगातार बारिश के कारण गोशाला में पानी भर गया और चारा-पानी की समस्या खड़ी हो गई। 27 सितंबर को 20 गोवंश की मौत हो गई। हालांकि, हिंदू संगठनों और पशु प्रेमियों ने मृत गोवंश की संख्या 50 से 60 तक होने का दावा किया था। प्रशासन की ओर से अब तक 20 गोवंश की मौत ही मानी गई है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
