विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बदायूं में भारी बारिश से 70 साल पुरानी कोठी गिरी, परिषदीय स्कूलों की छुट्टी

Published: Mon, 28 Sep 2026 09:45 AM (IST)

बदायूं के दातागंज में लगातार बारिश के कारण 70 साल पुरानी कोठी ढह गई, गनीमत रही कि हादसे के वक्त ...और पढ़ें

HighLights

  1. बदायूं में 70 साल पुरानी कोठी भारी बारिश से ढही।

  2. हादसे के वक्त कोठी में कोई मौजूद नहीं था, बड़ा टला।

  3. बारिश के कारण बदायूं में परिषदीय स्कूलों में अवकाश।

जागरण संवाददाता, बदायूं। लगातार हो रही बरसात के बीच दातागंज तहसील क्षेत्र के बक्सेना गांव में करीब 70 साल पुरानी कोठी अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। गनीमत रही कि घटना के समय कोठी में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि कोठी में रखा काफी सामान मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गया।
बताया गया कि यह कोठी पूर्व ब्लॉक प्रमुख ठाकुर धीरेंद्र पाल सिंह की है। भाजपा नेत्री मंजू सिंह भी अपने परिवार के साथ इसी कोठी में रहती हैं। वहीं बदायूं में लगातार बारिश के कारण सोमवार को परिषदीय स्कूलों में अवकाश रखा गया।

कोठी की छत पर जमा हो गया था पानी

स्थानीय लोगों के मुताबिक लगातार बारिश होने के कारण कोठी की छत पर पानी जमा हो गया था। इससे पुरानी इमारत की हालत कमजोर होती गई और अचानक उसका एक हिस्सा भरभराकर ढह गया। देखते ही देखते पूरी कोठी का बड़ा हिस्सा मलबे में तब्दील हो गया। मंजू सिंह ने बताया कि तबीयत खराब होने के कारण वह इस बार कोठी पर नहीं गई थीं। अन्यथा घटना के समय वहां मौजूद होने की स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता था।

कोठी गिरने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और मलबे में किसी के दबे होने की आशंका में स्थिति देखी। सूचना पर प्रशासनिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जायजा लिया।

बारिश के कारण परिषदीय स्कूल बंद

बदायूं में लगातार हो रही बरसात और मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर सोमवार को सभी परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित किया गया। इस संबंध में बीएसए नवीन कुमार ने आधिकारिक आदेश जारी कर दिए।

यह भी पढ़ें- मौसम का यू-टर्न: बारिश के बाद 31 डिग्री पहुंचा तापमान, मथुरा में उमस ने बढ़ाई परेशानी

शिक्षक, शिक्षामित्र और अनुदेशक रहेंगे स्कूल में

बीएसए नवीन कुमार के आदेशानुसार, यह निर्णय बच्चों की सुरक्षा और जलभराव की स्थिति को देखते हुए लिया गया है। हालांकि, यह अवकाश केवल विद्यार्थियों के लिए है। इस दौरान सभी शिक्षक, अनुदेशक और शिक्षामित्र निर्धारित समय पर विद्यालय में उपस्थित रहकर विभागीय और प्रशासनिक कार्य निपटाएंगे।