बदायूं में किराना व्यापारी से 11 लाख की लूट, वारदात से इलाके में हड़कंप
बदायूं के बिल्सी क्षेत्र में एक किराना व्यापारी से सुनियोजित तरीके से 11 लाख रुपये लूट लिए गए। बदमाशों ने पहले उनकी बाइक को टक्कर मारी और फिर तमंचे के बल पर नकदी, मोबाइल व अन्य सामान छीनकर फरार हो गए।
-1795373821574_m.webp)
घटना के शिकार किराना व्यापारी
HighLights
बिल्सी में किराना व्यापारी से 11 लाख रुपये की लूट।
बदमाशों ने टक्कर मारकर गिराया, फिर तमंचे से लूटा।
पुलिस घटना को संदिग्ध मानकर कर रही है जांच।
संवाद सूत्र, बदायूं। बिल्सी क्षेत्र में रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से तकादा कर लौट रहे किराना व्यापारी से 11 लाख रुपये लूट लिए। पहले चार पहिया वाहन से उनकी बाइक में टक्कर मारकर खंती में गिराया और फिर पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचे के बल पर 11 लाख रुपये लूट लिए।
बदमाश व्यापारी का रुपयों से भरा बैग, मोबाइल, पर्स और जरूरी कागजात भी ले गए। हादसे की वजह से वह घायल भी हो गए। वारदात की सूचना पर सीओ बिल्सी आलोक सिद्धू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पीड़ित के अनुसर वारदात में पांच बदमाश शामिल हो सकते हैं।
बिल्सी के गांव भतरी गोवर्धनपुर निवासी सिद्धांत कुमार शर्मा उर्फ मोनू पुत्र मुकेश शंखधार दिल्ली और गाजियाबाद से ड्राई फ्रूट्स समेत किराने का सामान लाकर बदायूं जिले के व्यापारियों को सप्लाई करते हैं। उनका परिवार गाजियाबाद में भारत धर्मकांटा के पास रहता है।
रविवार को वह मामा राजीव शर्मा के साथ गांव आए थे। मामा जलालाबाद चले गए और वह बाइक लेकर तकादे पर निकल गया। शाम को बदायूं, आंवला, फैजगंज बेहटा, बिल्सी और बिसौली के दुकानदारों से तकादे की रकम लेकर लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि वह जब हैवतपुर और बधौली के बीच पहुंचे तो चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे वह बाइक समेत खंती में जा गिरे।
वह बाहर आए कि तभी पीछे से बाइक पर आए दो बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उन्हें घेर लिया। विरोध करने पर धमकाया और रुपयों से भरा बैग समेत अन्य सामान लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
सिद्धांत ने बताया कि कार में सवार लोग भी बाइक सवार बदमाशों के ही साथ थे। उसने बताया कि करीब पांच बदमाश होने का अनुमान है। एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया घटना संदिग्ध लग रही है। इसकी जांच के लिए फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई है। जांच में मिले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
मां ने फोन किया तो बदमाशों से छोड़ने की गुहार लगा रहा था बेटा
हैवतपुर और बधौली के बीच किराना व्यापारी सिद्धांत कुमार शर्मा उर्फ मोनू से हुई 11 लाख रुपये की लूट के दौरान उनकी मां का फोन आना घटना का सबसे अहम पहलू है। मां सोनू शर्मा ने बेटे से खाने के बारे में पूछने के लिए कॉल की थी। इसी दौरान बदमाशों से उसकी छीना झपटी हो रही थी और फोन उठ गया। मां ने काल पर बेटे की आवाज सुनी तो वह बदमाशों से खुद को छोड़ने की गुहार लगा रहा था।
मां सोनू शर्मा के मुताबिक, फोन उठने पर सुना कि बदमाश बेटे से बैग और पर्स मांग रहे थे। सिद्धांत उन्हें सामान देने से मना कर रहा था। इस पर बदमाश उसे धमका रहे थे। मां कुछ समझ पातीं, इससे पहले ही फोन कट गया। बेटे की आवाज और बदमाशों की धमकी सुनकर वह परेशान हो गईं। कुछ देर बाद पुलिस से घटना की सूचना मिली तो वह मौके पर पहुंचीं।
सिद्धांत हर रविवार को गाजियाबाद से बदायूं आकर दुकानदारों से भुगतान वसूलते थे और सोमवार को वापस गाजियाबाद चले जाते थे। सिद्धांत अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ गाजियाबाद में रहता है। उसकी मां ने बताया कि करीब आधे घंटे तक पुलिस बेटे से पूछताछ करती रही, इसके बाद उसे ही अपने साथ थाने ले गई। माना जा रहा है कि पुलिस पहले सिद्धांत से ही पूछतााछ करेगी कि उसने कहां कहां से कितना तकादा वसूला था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।