मां दुर्गा ने सपने में दिए दर्शन तो बना बदायूं का ये मंदिर, माली के सपने से बदला कायस्थों का भाग्य
बदायूं के वजीरगंज ब्लॉक स्थित बरीपुरा गांव में केसर देवी माता मंदिर हजारों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। यह ...और पढ़ें

HighLights
बदायूं के बरीपुरा गांव में स्थित है केसर देवी माता मंदिर।
माली को सपने में मां दुर्गा के दर्शन, मंदिर निर्माण का निर्देश।
मंदिर बनने से कायस्थ परिवार का रुका कारोबार फिर से चला।
जागरण संवाददाता, बदायूं। वजीरगंज ब्लाक के गांव बरीपुरा स्थित केसर देवी माता मंदिर से हजारों श्रद्धालुओं की आस्था जुड़ी है। यह केवल ईंट और पत्थरों से बना ढांचा नहीं, बल्कि देवी मां की कृपा और स्थानीयों के विश्वास की जीवंत मिसाल है, जहां भक्त मन में आस लिए खिंचे चले आते हैं।
बरीपुरा गांव का नाम सदियों पुराने बरी (बरगद) के पेड़ के नाम पर पड़ा है। मंदिर के इतिहास से पुराना नाता है। बुजुर्ग बताते हैं कि जिस स्थान पर मंदिर बना है वहां सालों पहले एक कायस्थ परिवार का बाग हुआ करता था। व्यापार के सिलसिले में यह परिवार दिल्ली और बरेली में जाकर बस गया तो उन्होंने बाग कटवा दिया। कुछ दिन बाद उनका कारोबार ठप होने लगा।
उसी समय पास के गांव पेपल के रहने वाले एक माली को सपने में मां दुर्गा के दर्शन हुए। देवी ने निर्देश दिया कि उस खाली जमीन पर मंदिर का निर्माण कराया जाए। माली ने स्वप्न कायस्थ परिवार के सदस्यों को बताया। आस्था के वशीभूत होकर परिवार ने तुरंत मंदिर का निर्माण शुरू करवा दिया।
मंदिर बनते ही उनका कारोबार फिर से फलने लगा। आज भी हर वर्ष आषाढ़ माह की दूज तिथि को भव्य मेला सजता है। नवजात बच्चों के मुंडन संस्कार के लिए दूर-दूर से परिवार यहां उमड़ते हैं। मेले के दिन माली परिवार परंपरा निभाते हुए घर घर जाकर फूल पत्ते बांटता है, जो गांव के ताने बाने और सौहार्द की झलक पेश करता है।
