विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शारदीय नवरात्र की रौनक से गुलजार जम्मू के बाजार, खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़; बावे वाली माता मंदिर में खास इंतजाम

Published: Sat, 10 Oct 2026 01:50 PM (IST)

शारदीय नवरात्र को लेकर जम्मू के बाजार सज गए हैं, जहां महिलाएं पूजा और व्रत की सामग्री खरीदने उमड़ रही ...और पढ़ें

जम्मू के बाजारों में बढ़ी रौनक। (फाइल फोटो)

जम्मू के बाजारों में बढ़ी रौनक। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. जम्मू के बाजार शारदीय नवरात्र के लिए सज गए हैं।

  2. महिलाएं पूजा और व्रत की सामग्री खरीद रही हैं।

  3. बावे मंदिर में नवरात्र की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

जागरण संवाददाता, जम्मू। शारदीय नवरात्र रविवार से शुरू होने जा रहे हैं। मां दुर्गा की आराधना के इस पावन पर्व को लेकर जम्मू शहर के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। मोती बाजार और पक्का डंगा सहित पुराने शहर के विभिन्न बाजारों में दुकानदारों ने नवरात्र से संबंधित सामग्री सजाकर ग्राहकों को आकर्षित करना शुरू कर दिया है। पूजा-पाठ का सामान खरीदने के लिए महिलाएं बड़ी संख्या में बाजारों का रुख कर रही हैं।

त्योहार की तैयारियों के चलते बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई है। नवरात्र के दौरान मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा-अर्चना की जाती है। श्रद्धालु पहले दिन घरों और मंदिरों में कलश स्थापना कर नौ दिनों तक विशेष पूजा करते हैं। ऐसे में नवरात्र शुरू होने से पहले ही घरों में तैयारियां तेज हो गई हैं।

नवरात्र को लेकर बाजारों में बढ़ी रौनक

महिलाएं पूजा की थाली, चुनरी, नारियल, रोली, मौली, धूप, दीपक, कपूर और अन्य आवश्यक सामग्री की खरीदारी करने बाजारों में पहुंच रही हैं। दुकानदारों ने भी नवरात्र को ध्यान में रखते हुए विभिन्न प्रकार की पूजन सामग्री उपलब्ध करवाई है।

त्योहार के नजदीक आने के साथ दुकानदारों को कारोबार में तेजी आने की उम्मीद है। नवरात्र के साथ ही त्योहारों व शादियों का सीजन भी आरंभ हो जाएगा, लिहाजा रविवार से शहर के बाजारों में रौनक और बढ़ने की संभावना है।

व्रतियों के लिए भी बाजार तैयार

नवरात्र के दौरान व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी बाजारों में तैयारियां की गई हैं। व्रत में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और पूजा से जुड़ी वस्तुओं की खरीदारी को लेकर लोगों में उत्साह है। कई परिवार नवरात्र के पहले दिन से ही नियमित पूजा-अर्चना और व्रत का संकल्प लेते हैं।

इसके चलते श्रद्धालु पहले से ही जरूरी सामान जुटाने में लगे हुए हैं। मां दुर्गा की आराधना के लिए तैयारियां कर रहे इन श्रद्धालुओं के बीच पर्व को लेकर काफी उत्साह है।

बावे मंदिर में तैयारियों को दिया जा रहा अंतिम रूप

नवरात्र के दौरान जम्मू में श्रद्धालुओं की सबसे अधिक भीड़ बाहूफोर्ट स्थित काली माता के मंदिर में उमड़ती है। यहां आधी रात से ही श्रद्धालु कतारों में खड़े होना शुरू हो जाते हैं और रोजाना हजारों की संख्या में श्रद्धालु यहां माता रानी के दर्शन करने पहुंचते हैं।

जम्मू शहर के अलावा आसपास के गांवों व जिलों से भी श्रद्धालु नवरात्र के दौरान विशेष रूप से यहां पहुंचते हैं और इन श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर प्रबंधन कमेटी भी तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगी है। मंदिर परिसर की साज-सजावट के अलावा सुरक्षा व्यवस्था को भी चाक-चौबंद किया जा रहा है।'