महंगाई ने बिगाड़ा शादी का बजट: बैंड-बाजा 25 हजार के पार, हलवाई और मजदूरों के रेट भी आसमान पर
बदायूं में शादियों के मौसम में महंगाई ने बजट बिगाड़ दिया है, चीनी, बैंड-बाजा और मजदूरी के दाम बढ़े हैं। देवोत्थान एकादशी से शुरू हुए विवाह समारोहों में कैटरिंग और अन्य सेवाओं की लागत में भी वृद्धि हुई है।

एआई इमेज
HighLights
बैंड-बाजा और घोड़ा-बग्घी पर 16 हजार से 25 हजार रुपये तक खर्च, खाद्य पदार्थों के दाम बढ़ने से कैटरिंग भी हो गई महंगी
जागरण संवाददाता, बदायूं। जिले में शादियों का सीजन शुरू हो गया है। घरों में कार्ड बांटे जा रहे हैं और हल्दी-मेहंदी के कार्यक्रम तय हो चुके हैं। हालांकि, इस बार शादी की खुशियों के साथ महंगाई का दबाव भी है। हलवाई से लेकर घराती तक कह रहे हैं कि शादी करना महंगा हो गया है।
वैवाहिक समारोह देवोत्थान एकादशी से शुरू होकर 12 दिसंबर तक चलेंगे। इस सीजन का बैंड-बाजा, घोड़ा-बग्घी, हलवाई, सराफा और कपड़ा कारोबारियों के साथ पंडित-नाई भी इंतजार करते हैं।
पिछले कई साल से सोने-चांदी और तेल-घी के दाम बढ़ रहे हैं। इस बार चीनी ने बजट पर सबसे ज्यादा असर डाला है। पिछले साल 45 रुपये किलो मिलने वाली चीनी अब 70 रुपये किलो है।
मामूली शादी में भी करीब एक क्विंटल चीनी लगती है, जिससे केवल इस मद में 2500 रुपये का अतिरिक्त खर्च आता है। मिठाई, चाय और शरबत में चीनी इस्तेमाल होने से कुल खर्च बढ़ जाता है।
बैंड-बाजा और घोड़ा-बग्घी पर 16 हजार से 25 हजार रुपये तक खर्च हो रहे हैं। एक बरात में करीब 20 लोग काम करते हैं। पिछले साल उनकी मजदूरी 400 रुपये थी, जबकि अब 600-700 रुपये से कम नहीं है।
टेंट लगाने और खाना बनाने के लिए भी मजदूरों की जरूरत होती है। खाना बनाने का खर्च मीनू के अनुसार तय होता है। दो सब्जी और पूरी वाले समारोह में हलवाई समेत तीन लोग खाना बनाते हैं और खर्च करीब दो हजार रुपये होता है।
सामान्य से बड़ी शादियों में यह खर्च आठ-दस हजार से 20 हजार रुपये तक पहुंचता है। हलवाई रोशन ने बताया कि शहर के कैटर्स भी मीनू के हिसाब से भुगतान लेते हैं।
सराफा व्यापारी रवि वैश्य के अनुसार, पिछले साल सोने का भाव 1,36,700 रुपये था। अभी सोने का भाव गिरकर 1,26,840 रुपये हुआ है। ऐसे में सहालग के कारण बाजार में भीड़ बढ़ी है और लोग शादी के लिए जरूरी आभूषण खरीद रहे हैं।
बैंड-बाजा संचालकों का कहना है कि सामूहिक विवाह के कारण उनके रोजगार पर असर पड़ा है। मोहम्मद असलम ने बताया कि एक समारोह में कई शादियां होने से बैंड वालों को काम मिलने के मौके घटे हैं।
यह भी पढ़ें- जब बदायूं के ककोड़ा मेले की भीड़ देख दंग रह गए थे अंग्रेज अधिकारी, घोड़े पर चढ़कर खुद SP-DM करते थे गश्त