विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हवन-पूजन हुआ, पर्चियां बंटीं, पर 5 दिन बाद भी नहीं चली शेखूपुर चीनी मिल; ठंड में यार्ड में फंसे सैकड़ों किसान

Published: Fri, 20 Nov 2026 05:45 PM (IST)

शेखूपुर चीनी मिल का उद्घाटन होने के पांच दिन बाद भी पेराई शुरू नहीं हुई है, जिससे सैकड़ों किसान गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ यार्ड में फंसे हुए हैं। मिल के शीरा टैंक भरे होने के कारण संचालन अटका है, जिससे किसानों को ठंड और भूख का सामना करना पड़ रहा है।

शेखूपुर चीनी मिल के बाहर गन्ना से लदी खड़ी ट्रैक्टर-ट्रालियां। जागरण

शेखूपुर चीनी मिल के बाहर गन्ना से लदी खड़ी ट्रैक्टर-ट्रालियां। जागरण

HighLights

  1. टैंकों में शीरा भरा होने से संचालन अटका, ककोड़ा मेला जाने की तैयारी भी धरी रह गई, किसानों ने किया हंगामा

संवाद सूत्र, सिलहरी (बदायूं)। शेखूपुर चीनी मिल में पेराई सत्र शुरू होने की उम्मीद में हवन-पूजन तो हो गया, लेकिन पांच दिन बाद भी मिल की मशीनें नहीं चलीं। गन्ना समिति ने 15 नवंबर से इंडेंट के आधार पर पर्चियां जारी कर दी थीं। इन पर्चियों पर भरोसा करके किसान खेतों में गन्ना छिलवाकर ट्रैक्टर-ट्रालियों में लादकर मिल पहुंच गए। अब सैकड़ों किसान पिछले पांच दिन से अपने वाहनों के साथ मिल यार्ड में डेरा डाले हैं।

न गन्ने की तौल हो रही है और न ही वाहनों को खाली किया जा रहा है। भूखे-प्यासे और ठंड में रात गुजार रहे किसानों का धैर्य बुधवार को जवाब दे गया। आक्रोशित किसानों ने मिल परिसर में हंगामा किया।

दी किसान सहकारी चीनी मिल शेखूपुर लिमिटेड में रविवार को विधिवत हवन-पूजन कर पेराई सत्र का शुभारंभ किया गया था। किसानों को उम्मीद थी कि सोमवार से तौल और पेराई शुरू हो जाएगी।

नौशेरा, दहेमी, पसेई, जजपुरा, गुराई, बदरपुर, भरकुइयां, जिरौलिया और भगवतीपुर समेत दो दर्जन से अधिक गांवों के किसान पर्चियां मिलने पर गन्ना लेकर पहुंच गए। मगर मिल चालू नहीं हुई।

किसानों का कहना है कि जब मिल संचालन की तैयारी पूरी नहीं थी तो समय से पहले पर्चियां जारी करने की क्या जरूरत थी। आसपास के जिलों की चीनी मिलों में पेराई और तौल शुरू हो चुकी है, जबकि शेखूपुर के किसान इंतजार कर रहे हैं।

मिल के कार्यालय अधीक्षक सर्वेश द्विवेदी के अनुसार, मिल के टैंकों में शीरा भरा हुआ है। पहले टैंकों को खाली कराया जाएगा, इसके बाद ही मिल का संचालन शुरू हो सकेगा।

दूसरी ओर मिल परिसर में शीरा चोरी होने की चर्चाएं भी गर्म हैं। बताया जा रहा है कि इसी वजह से शीरे की माप कराई जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पेराई सत्र के शुभारंभ के तत्काल बाद मिल प्रबंधक का तबादला होना और नवागत जीएम निधि डोडवाल का कार्यभार संभालना भी चर्चा में है। किसानों के सामने गन्ने की तौल में देरी के साथ खेती का अगला चक्र भी प्रभावित हो रहा है।

खेत खाली नहीं होने से गेहूं की बुवाई अटक रही है। वहीं, ककोड़ा मेला जाने की तैयारियां भी धरी रह गई हैं। कई परिवारों के ट्रैक्टर-ट्राली गन्ने समेत यार्ड में खड़े हैं। किसानों का सवाल है कि पर्चियां जारी करने से पहले मिल की तैयारी क्यों नहीं परखी गई।

यह भी पढ़ें- ऊपर से चमकदार, अंदर निकली हरी फफूंदी! बदायूं की मशहूर 'नैना स्वीट्स' की मिठाई खाकर बिगड़ी परिवार की तबीयत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।