भैया दूज: बदायूं में रोडवेज कर्मियों की छुट्टियां रद्द, अतिरिक्त फेरे लगाकर बहनों को समय से पहुंचाया जाएगा घर
भैया दूज पर्व पर बदायूं डिपो ने बहनों की सुविधा के लिए विशेष बस संचालन शेड्यूल बनाया है। पहले लोकल ...और पढ़ें
-1794282929180_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
लोकल रूटों पर सुबह से दोपहर तक चलेंगी अधिक बसें।
दोपहर बाद लंबी दूरी की बसों का संचालन होगा।
सभी रोडवेज कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द की गईं।
जागरण संवाददाता, बदायूं। भैया दूज पर्व पर बहनों की आवाजाही को देखते हुए बदायूं डिपो ने बस संचालन का शेड्यूल तय कर लिया है। इस बार त्योहार पर पहले लोकल रूट पर बसें चलाई जाएंगी, उसके बाद लंबी दूरी की बसों का संचालन होगा। जिससे किसी भी बहन को अपने भाई के घर पहुंचने में देरी न हो।
परिवहन निगम अधिकारियों के अनुसार भैया दूज पर हर साल बरेली, बिल्सी, बिसौली, उझानी, संभल और दातागंज रूट पर सबसे ज्यादा भीड़भाड़ रहती है।
सुबह से ही बहनें अपने भाइयों के घर जाने के लिए बस स्टैंड पर पहुंच जाती हैं। इसी को देखते हुए डिपो प्रशासन ने इस बार रणनीति बदली है। सुबह छह बजे से दोपहर दो बजे तक डिपो की अधिकांश बसें इन्हीं लोकल रूटों पर लगाई जाएंगी। इस दौरान हर 10 से 15 मिनट के अंतराल पर यात्रियों को बस मिल सकेगी।
दोपहर बाद लोकल रूटों पर भीड़ कम होने के बाद दिल्ली, लखनऊ, आगरा, मुरादाबाद और अलीगढ़ जैसे लंबे रूटों पर बसों को भेजा जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि इससे लोकल और लंबी दूरी दोनों के यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
त्योहार को देखते हुए डिपो ने सभी चालक-परिचालकों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। सभी कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से ड्यूटी पर आने के निर्देश दिए गए हैं। भीड़ को संभालने के लिए कुछ कर्मचारियों को भी लगाया गया है। सुरक्षा के लिए भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
लगवाए जाएंगे अतिरिक्त फेरे, कोई यात्री नहीं छूटेगा
बदायूं डिपो के बेड़े में इस समय करीब 135 सरकारी और करीब 45 अनुबंधित बसें हैं। भैया दूज पर बसों के अतिरिक्त चक्कर लगवाने की भी व्यवस्था की गई है। एआरएम ने बताया कि इस त्योहार पर प्रयास रहेगा कि कोई भी यात्री की बस छूटने न पाए। बसों में ओवरलोडिंग पर भी नजर रखी जाएगी।
बोले एआरएम- बहनों को समय से घर पहुंचाना प्राथमिकता
बदायूं डिपो के एआरएम राजेश पाठक ने बताया कि भैया दूज पर यात्रियों की संख्या दोगुणी हो जाती है। उनकी प्राथमिकता है कि हर बहन समय से अपने भाई तक पहुंचे। इसलिए सुबह लोकल रूटों पर फोकस किया गया है। दोपहर बाद लंबी दूरी की बसें नियमित रूप से चलेंगी। यात्रियों से अपील है कि वह अनुशासन बनाए रखें और टिकट लेकर ही यात्रा करें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।