यूपी: बदायूं के प्राथमिक स्कूल में पढ़ाई रोककर बच्चों से लगवाए गए राजनीतिक नारे, सपा ने जताया विरोध
बदायूं के बिसौली क्षेत्र के एक प्राथमिक विद्यालय में बच्चों से पढ़ाई रोककर राजनीतिक नारे लगवाने का मामला सामने आया है।

प्राथमिक विद्यालय बसई में भाजपा के नारे लगाते स्कूली बच्चे
HighLights
बदायूं प्राथमिक स्कूल में बच्चों से लगवाए गए राजनीतिक नारे।
सपा नेता प्रभात अग्रवाल ने घटना पर कड़ी आपत्ति जताई।
बीएसए ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
जागरण संवाददाता, बदायूं। बिसौली क्षेत्र स्थित बसई के प्राथमिक विद्यालय में पढ़ाई रोककर बच्चों से राजनीतिक नारे लगवाने का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई है। समाजवादी पार्टी के नेता और सांसद धर्मेन्द्र यादव के मीडिया प्रभारी प्रभात अग्रवाल ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई है। बीएसए ने कहा कि पूरे मामले की जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सपा का आरोप है कि यहां पढ़ाई बाधित कर बच्चों से भाजपा के चुनाव चिह्न कमल के पक्ष में नारे लगवाए गए। इस घटना को लेकर बिसौली ग्रामीण मंडल अध्यक्ष सुनील सिंह ठाकुर और भाजपा की जिला उपाध्यक्ष सरिता वार्ष्णेय का नाम सामने आने से विवाद और गहरा गया है।
समाजवादी पार्टी के नेता प्रभात अग्रवाल ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि स्कूलों में बच्चों की पढ़ाई रोककर इस तरह नारे लगवाना उचित नहीं है। उनके अनुसार, सरकारी स्कूल बच्चों को पढ़ने लिखने के लिए हैं, न कि किसी राजनीतिक गतिविधि के लिए।
उन्होंने प्रदेश में बंद किए गए स्कूलों का जिक्र करते हुए कहा कि बचे हुए स्कूलों का माहौल भी खराब किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों की भूमिका पर भी सवाल उठाए और कहा कि बच्चों के हाथों में किताबें होनी चाहिए, न कि नारों की आवाज।
उनका कहना है कि सरकारी संस्थान जनता के पैसे से चलते हैं और इन्हें राजनीति का मंच नहीं बनाया जाना चाहिए। इस पूरे मामले पर बीएसए नवीन कुमार ने कहा कि प्रकरण को दिखवाया जा रहा है। पूरी जानकारी सामने आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।