बदायूं में 40-50 पुलिसकर्मी घर बैठे ले रहे वेतन, महिला सिपाही प्रकरण के बाद भ्रष्टाचार का खेल उजागर
बदायूं में गणना कार्यालय में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का आरोप लगा है, जिसमें 40-50 पुलिसकर्मियों पर ड्यूटी पर आए बिना वेतन लेने का दावा किया गया है।

HighLights
गणना कार्यालय में 40-50 पुलिसकर्मियों पर भ्रष्टाचार का आरोप।
ड्यूटी पर आए बिना घर बैठे वेतन लेने का दावा।
मुख्यमंत्री, डीजीपी से सर्विलांस जांच की मांग की गई।
जागरण संवाददाता, बदायूं। पुलिस लाइंस में तैनात महिला सिपाही आरती सिंह के ड्यूटी किए बिना वेतन लेने का मामला सामने आने के बाद अब गणना कार्यालय में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं के आरोप लगे हैं। पुलिस लाइंस में कार्यरत एक सिपाही ने मुख्यमंत्री, डीजीपी और एडीजी को शिकायती पत्र भेजकर सात पुलिसकर्मियों के नाम उजागर किए हैं।
आरोप है कि ये पुलिसकर्मी कई माह से ड्यूटी पर आए बिना घर बैठे वेतन ले रहे थे। शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि जिले में ऐसे कर्मचारियों की संख्या 40 से 50 तक हो सकती है। यदि सर्विलांस के माध्यम से जांच कराई जाए तो पूरे मामले का राजफाश हो सकता है।
कर्मियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल
शिकायत में गणना कार्यालय में तैनात कर्मियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि गणना मुंशी रहे अनुज व राजेश की मिलीभगत से कुछ पुलिसकर्मियों की फर्जी हाजिरी लगाई जाती है। इसके लिए 10 से 15 हजार रुपये दिए जाने का भी आरोप लगाया है। जबकि वे अपने तैनाती स्थल पर उपस्थित नहीं रहते।
शिकायती पत्र में सात पुलिसकर्मियों के नाम देते हुए उनकी ड्यूटी, उपस्थिति और वेतन आहरण की जांच कराने की मांग की गई है। साथ ही गणना कार्यालय में पिछले तीन वर्षों के दौरान कर्मचारियों के वेतन और ड्यूटी से संबंधित अभिलेखों की जांच कराने का अनुरोध किया गया है।
आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि कुछ पुलिसकर्मी कई माह से घर बैठे वेतन ले रहे हैं, जबकि कुछ कर्मचारी गैर जनपद या अन्य स्थानों पर रहने के बावजूद ड्यूटी पर दर्ज दिखाए जाते हैं। उसने संबंधित कर्मचारियों की कॉल डिटेल और लोकेशन के आधार पर वास्तविक स्थिति की जांच कराने की मांग की है। हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।
बता दें कि महिला सिपाही आरती सिंह का मामला सामने आने के बाद एसएसपी ने गणना कार्यालय समेत पुलिस लाइंस के कई पुलिसकर्मियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया था। इस प्रकरण में महिला सिपाही समेत चार पुलिसकर्मियों के निलंबन की बात सामने आई है। अब नई शिकायत से गणना कार्यालय की कार्यप्रणाली पर फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
