बदायूं में बड़ा एक्शन: 11 महीने घर बैठकर वेतन लेती रही महिला सिपाही, एसएसपी ने गणना मेजर और 2 मुंशी किए निलंबित
बदायूं में एक महिला सिपाही 11 महीने तक घर बैठकर वेतन लेती रही, जिसके बाद एसएसपी ने बड़ी कार्रवाई की ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
एसपी देहात की जांच में लापरवाही आई सामने, 11 महीने से गैरहाजिर रहने के बाद भी नहीं दी गई जानकारी
एसएसपी ने मेजर व दोनों मुंशियों को निलंबित करने के साथ आरआइ की भूमिका की भी जांच के दिए निर्देश
जागरण संवाददाता, बदायूं। पुलिस लाइंस में तैनात महिला सिपाही आरती पिछले 11 माह से घर बैठ कर वेतन ले रही थी। पुलिस लाइंस के गणना मेजर से लेकर मुंशी तक सब इसको दबाए बैठे रहे। मामला सामने होने पर दैनिक जागरण ने इसे 24 सितंबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। जिसमें गणना कार्यालय की लापरवाही के मामले को भी प्रमुखता से उठाया था।
इस पर एसएसपी ने पुलिस लाइंस के नोडल अधिकारी व एसपी देहात को जांच सौंपी। उनकी जांच में भी लापरवाही सामने आई। इस पर एसएसपी अंकिता शर्मा ने गणना मेजर और दो गणना मुंशी को निलंबित कर दिया।
2021 बैच की महिला सिपाही आरती सिंह करीब डेढ़ साल से पुलिस लाइन में तैनात थी। इसकी शिकायत एक्स पर की गई थी। जिसमें बताया गया था कि इस तैनाती के दौरान उनकी कभी कहीं ड्यूटी ही नहीं लगाई गई।
इतना ही नहीं करीब 11 महीने से तो वह अपने घर हाथरस रह रहीं हैं। इस दौरान कभी बहुत बड़ी आपत्ति आई हो तो ही उन्हें बुलाया गया हो, अन्यथा पुलिस लाइंस क्या बदायूं जिले के धरती पर भी उन्होंने कदम नहीं रखा।
शिकायत के बाद एसएसपी अंकिता शर्मा ने एसपी देहात डाॅ. हृदेश कठेरिया को पुलिस लाइंस भेजा। उन्होंने जांच कर रिपोर्ट एसएसपी को दी। एसएसपी ने 23 सितंबर को ही सिपाही आरती सिंह को निलंबित कर दिया था। इसके बाद मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए थे।
एसपी देहात की जांच में यह साफ हो गया कि गणना कार्यालय में तैनात गणना मेजर विजय तोमर, गणना मुंशी अनुज और राजेश के द्वारा लगातार लापरवाही और उनकी मिलीभगत से ही सिपाही आरती घर बैठे वेतन ले रही थी। इस पर एसएसपी ने तीनों को निंलबित कर दिया। इसके साथ ही आरआइ की भूमिका की जांच के निर्देश दिए हैं।
