विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बदायूं: पहले ही दिन बोहनी को तरसे धान क्रय केंद्र, बारिश और अधूरे इंतजामों के चलते 15 दिन करना होगा इंतजार

Published: Tue, 13 Oct 2026 02:04 PM (IST)

बदायूं में धान खरीद के पहले दिन किसी भी केंद्र पर बोहनी नहीं हुई। बारिश से कटाई प्रभावित होने और ...और पढ़ें

बदायूं मंडी समिति के केंद्र पर पसरा सन्नाटा। जागरण

बदायूं मंडी समिति के केंद्र पर पसरा सन्नाटा। जागरण

HighLights

  1. बरसात से प्रभावित हुई कटाई, कांटा और बारदाना तक नहीं पहुंचे, कामन धान का समर्थन मूल्य 2441 रुपये प्रति क्विंटल

जागरण संवाददाता, बदायूं। किसानों की धान की फसल खेतों में तैयार खड़ी है, लेकिन सरकारी क्रय केंद्रों पर उपज बेचने के लिए अभी इंतजार करना होगा। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत सोमवार से जिले में धान खरीद शुरू हो गई, लेकिन पहले दिन किसी भी क्रय केंद्र पर बोहनी नहीं हुई।

जिले में 39 क्रय केंद्रों पर खरीद की व्यवस्था की गई है। मगर आधी-अधूरी तैयारियों के चलते पहले दिन ही व्यवस्था की हकीकत सामने आ गई। कहीं केंद्र खुला मिला तो वहां किसान नहीं पहुंचे और कहीं केंद्र ही नहीं खोला जा सका।

ऐसे में किसानों को सरकारी केंद्रों पर धान बेचने के लिए अभी करीब 15 दिन इंतजार करना पड़ सकता है। पिछले दिनों हुई बारिश के चलते धान की फसल की कटाई प्रभावित हुई है।

खुला मिला नवीगंज क्रय केंद्र, लेकिन ग्राहक नहीं मिले। जागरण

खेतों में नमी और फसल की कटाई नहीं होने के कारण किसान अभी क्रय केंद्रों तक नहीं पहुंच रहे हैं। दूसरी ओर, खरीद शुरू होने से पहले केंद्रों पर जरूरी व्यवस्थाएं भी पूरी नहीं हो सकीं।

कई केंद्रों पर कांटा और बारदाना तक उपलब्ध नहीं हो सका। ऐसे में पहले दिन खरीद की शुरुआत केवल कागजों पर ही होती नजर आई। बिल्सी में धान खरीद केंद्र सोमवार को भी नहीं खुल सका।

बताया गया कि यहां अभी तक केंद्र प्रभारी की तैनाती ही नहीं की गई है। वहीं शहर की मंडी समिति स्थित क्रय केंद्र खुला मिला। यहां केंद्र प्रभारी मौजूद थे, लेकिन धान बेचने के लिए कोई किसान नहीं पहुंचा।

नवीगंज के क्रय केंद्र पर भी प्रभारी मौजूद रहे, मगर यहां भी सन्नाटा पसरा रहा। इस तरह खरीद के पहले दिन किसी भी केंद्र पर धान की तौल नहीं हो सकी। जिले में 12 अक्टूबर से खरीद शुरू करने की तैयारी थी।

मगर, बारिश के कारण फसल की कटाई में देरी और केंद्रों पर अधूरे इंतजामों ने व्यवस्था की शुरुआत को प्रभावित कर दिया। किसानों की आवक बढ़ने पर ही खरीद में तेजी आने की उम्मीद है। फिलहाल केंद्रों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने और किसानों को योजना की जानकारी देने की जरूरत है।

2441 रुपये प्रति क्विंटल तय है समर्थन मूल्य

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में मूल्य समर्थन योजना के तहत भारत सरकार ने कॉमन धान का समर्थन मूल्य 2441 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए धान का मूल्य 2461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है।

प्रभारी जिला खाद्य विपणन अधिकारी एडी शर्मा ने बताया कि शासन के निर्देश पर किसानों को धान खरीद और पंजीकरण के संबंध में जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एग्रीस्टैक योजना के तहत तैयार फार्मर आइडी के आधार पर धान की खरीद की जाएगी।

किसानों को विभागीय पोर्टल पर अलग से पंजीकरण कराने की जरूरत नहीं होगी। किसानों को अपनी फार्मर आइडी से संबंधित आवश्यक जानकारी सुनिश्चित करनी होगी।

एडी शर्मा के अनुसार, बारिश के चलते धान की कटाई प्रभावित हुई है। किसानों की आवक बढ़ने में अभी करीब 15 दिन का समय लग सकता है। इसके बाद ही क्रय केंद्रों पर खरीद में तेजी आने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- बदायूं हादसा: 'सिर्फ 5 KM दूर जाना है'... हेलमेट नहीं पहना, अग्निवीर साथी समेत 3 दोस्तों की मौत; 2 महीने पहले ली थी बाइक