विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पहले जबरन निकाह, फिर धर्म बदलने का दबाव... 9 साल तक प्रताड़ित होती रही दिल्ली की युवती, अब पुलिस से लगाई गुहार

Published: Sat, 28 Nov 2026 10:31 PM (IST)

दिल्ली की एक युवती ने बदायूं के युवक पर जबरन निकाह और मतांतरण का आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि 9 साल तक प्रताड़ित होने के बाद उसने सिविल लाइंस थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस जांच कर रही है।

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. सिविल लाइंस थाने पहुंची युवती, दिल्ली के अस्पताल में हुई थी मुलाकात, पुलिस ने शुरू की जांच

जागरण संवाददाता, बदायूं। सिविल लाइंस इलाके में जबरन निकाह और मतांतरण का मामला सामने आया है। दिल्ली की एक युवती ने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उसे धमकाकर पहले जबरन निकाह कराया गया, फिर धर्म बदलने का दबाव बनाकर सालों तक प्रताड़ित किया गया। विरोध किया तो मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। पुलिस ने तहरीर मिलने पर जांच शुरू कर दी है।

युवती दिल्ली के बदरपुर इलाके की रहने वाली है। वह दिल्ली के एक अस्पताल में दाई का काम करती थी। युवती का कहना है कि करीब नौ साल पहले बदायूं के शेखूपुर निवासी युवक से अस्पताल में ही उसकी मुलाकात हुई थी। युवक ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया।

आरोप है कि एक दिन युवक उसके कमरे में आ गया और उसके साथ जबरदस्ती की। युवती ने शिकायत की बात कही तो युवक और उसके घर वालों ने धमकियां देकर समझौता करा लिया। इसके बाद सात लोग की मौजूदगी में दबाव में उसका निकाह करा दिया गया।

उसका कहना है कि निकाह के बाद उसे बदायूं के शेखूपुर लाया। वहां युवक की मां, भाई, भाभी और अन्य स्वजन ने उस पर इस्लाम धर्म कबूल करने का दबाव बनाया। मांस खाने के लिए मजबूर किया गया। उसे बंधक बनाकर रखा गया और मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया।

उसके अनुसार वह किसी तरह युवक के साथ दिल्ली चली आई। उसे उम्मीद थी कि दिल्ली में सब ठीक हो जाएगा, लेकिन वहां भी उसे चैन नहीं मिला। दिल्ली में पड़ोसियों ने युवक के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आए दिन झगड़ा होता रहा।

अंत में उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। इसके बाद वह मजबूर होकर 26 नवंबर को सिविल लाइंस थाने पहुंची और तहरीर दी। उसने युवक के अलावा उसके परिवार के सदस्यों के साथ ही दिल्ली के पड़ोसियों के नाम भी लिए हैं।

उसने पुलिस से प्राथमिकी दर्ज कर सभी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं सिविल लाइंस थाने के एसएसआइ सतेंद्र सिंह ने बताया कि थाने तक ऐसा मामला नहीं आया है। शेखूपुर चौकी पुलिस को तहरीर मिली है।

प्राथमिक जांच में घरेलू विवाद की बात सामने आई है। महिला कई साल से युवक के साथ ही रह रही है। इसमें जो भी मामला है वह दिल्ली का ही है, बदायूं से कोई लेना देना नहीं है।

यह भी पढ़ें- गांव की चौखट से देशभर के बाजार तक: अब अमेजन-फ्लिपकार्ट पर चमकेंगे बदायूं की महिलाओं के हुनर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।