विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

याद है गूगल मैप वाला वो हादसा? मैप के चक्कर में गई थी 3 युवकों की जान, 2 साल बाद अब एक्शन; सिर्फ एक इंजीनियर दोषी

Published: Tue, 24 Nov 2026 01:57 PM (GMT+05:30)

बदायूं के मुढ़ा पुल हादसे में तीन युवकों की मौत के मामले में दो साल बाद चार्जशीट को शासन की मंजूरी मिल गई है। विवेचना में केवल अवर अभियंता महाराज सिंह को दोषी पाया गया है, जिसे जल्द ही कोर्ट में दाखिल किया जाएगा।

24 नवंबर 2024 को हुए हादसे के बाद की तस्वीर। जागरण आर्काइव

24 नवंबर 2024 को हुए हादसे के बाद की तस्वीर। जागरण आर्काइव

HighLights

  1. शासन में करीब तीन महीने से लंबित थी अभियोजन की अनुमति, पुलिस पहले ही पूरी कर चुकी थी विवेचना

जागरण संवाददाता, बदायूं। मुढ़ा पुल की बदहाली के चलते रामगंगा नदी में कार गिरने से तीन युवकों की मौत के मामले में अब कार्रवाई आगे बढ़ेगी। पुलिस की ओर से तैयार की गई चार्जशीट को शासन से मंजूरी मिल गई है। करीब तीन महीने से अभियोजन की अनुमति के लिए लंबित चार्जशीट अब इसी सप्ताह न्यायालय में दाखिल की जाएगी।

खास बात यह है कि विवेचना में पुलिस ने पीडब्ल्यूडी के चार अभियंताओं के खिलाफ दर्ज मुकदमे में सिर्फ अवर अभियंता महाराज सिंह को दोषी माना है।

दातागंज और फरीदपुर को जोड़ने के लिए रामगंगा नदी पर पुल बनाया गया था। वर्ष 2023 में आई बाढ़ में फरीदपुर की ओर का संपर्क मार्ग बह गया था। इसके चलते पुल से आवागमन बंद हो गया था।

इसके बाद भी पुल के दातागंज छोर पर न तो पर्याप्त अवरोधक लगाए गए और न ही रास्ते को इस तरह बंद किया गया कि कोई वाहन वहां तक पहुंच सके। गूगल मैप पर भी रास्ता प्रदर्शित होता रहा।

इसी लापरवाही का खामियाजा तीन युवकों को अपनी जान देकर भुगतना पड़ा। 24 नवंबर 2024 को गुरुग्राम से कार सवार तीन युवक बरेली के फरीदपुर में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।

रास्ते की जानकारी के लिए वे गूगल मैप का इस्तेमाल कर रहे थे। मैप के बताए रास्ते पर चलते हुए उनकी कार क्षतिग्रस्त पुल तक पहुंच गई और रामगंगा नदी में गिर गई।

हादसे में मैनपुरी के बिछवां निवासी अमित सिंह, फर्रुखाबाद के एमादपुर हीरामन निवासी अजीत कुमार और उनके चचेरे भाई नितिन की मौत हो गई थी।

मामले में नायब तहसीलदार छविराम सिंह की ओर से पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता मो. आरिफ, अभिषेक और अवर अभियंता अजय गंगवार, महाराज सिंह समेत अज्ञात के खिलाफ गैरइरादतन हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।

तहरीर में गूगल मैप पर बंद रास्ता प्रदर्शित होने के लिए उसके क्षेत्रीय प्रबंधक की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए थे। दातागंज थाने के एसएसआइ राममेहर सिंह ने बताया कि मामले की विवेचना काफी पहले पूरी कर चार्जशीट तैयार कर ली गई थी।

मगर, इस मामले में सिर्फ अवर अभियंता महाराज सिंह को ही दोषी पाया गया है। चार्जशीट न्यायालय में दाखिल करने के लिए शासन से अभियोजन की अनुमति मांगी गई थी। करीब तीन महीने से अनुमति लंबित थी, जो अब मिल गई है। संबंधित प्रपत्र प्राप्त होते ही इसी सप्ताह चार्जशीट न्यायालय में दाखिल कर दी जाएगी।

यह भी पढ़ें- जब बदायूं के ककोड़ा मेले की भीड़ देख दंग रह गए थे अंग्रेज अधिकारी, घोड़े पर चढ़कर खुद SP-DM करते थे गश्त

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।