विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बदायूं: हिसार में बलिदान हुए जवान अंकुश पटेल को नम आंखों से अंतिम विदाई, आमगांव में बनेगा शहीद पार्क

By Digital DeskEdited By: Anshul Bhartariya
Published: Mon, 23 Nov 2026 02:14 PM (IST)

हरियाणा के हिसार में सैन्य अभ्यास के दौरान शहीद हुए जवान अंकुश पटेल को बदायूं के आमगांव में नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई। हजारों लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके सम्मान में गांव में एक शहीद पार्क बनाया जाएगा।

बलिदानी अंकुश पटेल को श्रद्धांजलि देते सेना के जवान

बलिदानी अंकुश पटेल को श्रद्धांजलि देते सेना के जवान

जागरण संवाददाता, बदायूं। हरियाणा के हिसार में युद्ध अभ्यास के दौरान बलिदान हुए जवान अंकुश पटेल का पार्थिव शरीर सोमवार सुबह करीब नौ बजे दातागंज तिराहे पर पहुंचा। पार्थिव शरीर पहले बरेली पहुंचा था, वहां से सड़क मार्ग से बदायूं के दातागंज तिराहे पर लाया गया।

तिराहे पर सुबह से ही हजारों लोग अपने वीर सपूत के अंतिम दर्शन के लिए खड़े थे। जैसे ही सेना का वाहन पहुंचा, पूरा इलाका शहीद अंकुश पटेल अमर रहें के नारों से गूंज उठा।

तिराहे पर पार्थिव शरीर के पहुंचते ही हजारों की संख्या में लोग पैदल यात्रा में शामिल हो गए। लोग हाथों में तिरंगा लेकर चल रहे थे। युवा, बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे सभी यात्रा में शामिल थे।

पूरा रास्ता देशभक्ति के नारों और भारत माता की जय के उद्घोष से गूंज उठा। यात्रा धीरे-धीरे आगे बढ़ती हुई आमगांव पहुंची, जहां परिवार के बाकी लोग पहले से मौजूद थे।

आमगांव पहुंचते ही माहौल बेहद गमगीन हो गया। अंकुश पटेल की पत्नी और बच्चे बेसुध थे। तमाम महिलाएं उन्हें समझाने का प्रयास कर रही थीं, लेकिन हर किसी की आंखों में आंसू थे। पत्नी

बार-बार पार्थिव शरीर की ओर देख रही थीं। बच्चों को समझ नहीं आ रहा था कि क्या हो गया है। गांव के हर व्यक्ति की आंख नम थी। आमगांव की ग्राम सभा की जगह में उनके पार्थिव शरीर को सलामी दी गई।

सेना और पुलिस के जवानों ने उन्हें गार्ड आफ आनर दिया। इसके बाद सभी लोगों ने उन्हें पुष्प अर्पित कर नमन किया। उसी जगह पर उनके पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार किया गया। यहां उनके नाम का शहीद पार्क बनाया जाएगा।

इसीलिए ग्राम सभा की जगह में अंतिम संस्कार किया गया, जिससे उनकी याद को हमेशा जीवित रखा जा सके। गांव के लोगों ने कहा कि अंकुश पटेल का बलिदान कभी भुलाया नहीं जाएगा। वह गांव का गौरव थे और हमेशा रहेंगे।

यह भी पढ़ें- बदायूं में मिनी कुंभ मेला ककोड़ा और कछला स्नान, 23 नवंबर को रहेगा रूट डायवर्जन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।