अद्भुत विरासत: बिना सीमेंट-ईंट के गंगा की रेती पर बसता है 'शाही महल', रुहेला सरदारों के दौर से जिंदा है यह अनोखी कला
ककोड़ा मेला सदियों से गंगा की रेती पर तंबुओं के शहर के रूप में विख्यात है, जहां साधु-संतों, रुहेला सरदारों और व्यापारियों के लिए बांस-बल्लियों से शाही डेरे बनाए जाते थे। यह अनोखी कला ग्रामीण स्थापत्य और लोक संस्कृति का जीवंत उदाहरण है।

ककोड़ा मेला में लगे अस्थाई कनात शिविर। जागरण
HighLights
बांस बल्लियों और कनात से सजे शाही डेरे आज भी संजोए हैं रुहेलखंड की विरासत
आशीष देव मिश्रा, बदायूं। गंगा की रेती पर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर लगने वाला रुहेलखंड का मिनी कुंभ ककोड़ा मेला सदियों से तंबुओं के शहर के रूप में विख्यात है। अतीत में साधु संतों के कल्पवास, रुहेला सरदारों, जमींदारों और दूर दराज के व्यापारियों के ठहरने से इस अस्थायी बसावट की शुरुआत हुई।
बांस, बल्लियों और मोटे कनात से बने शिविरों की यह परंपरा आज भी गंगा किनारे की लोक संस्कृति और ग्रामीण स्थापत्य कला की जीवंत विरासत संजोए हुए है।
इतिहास के पन्नों में ककोड़ा मेले की जड़ें गंगा के बदलते प्रवाह और प्राचीन परंपराओं से जुड़ी हैं। कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान और पुण्य के लिए आने वाले संत महात्मा महीनों तक रेती पर कुटिया या तंबू बनाकर कल्पवास करते थे।
समय के साथ जब यह धार्मिक समागम विशाल व्यापारिक केंद्र में बदला, तो बदायूं, रामपुर, बरेली और आसपास के इलाकों से रुहेला शासक, जमींदार तथा बड़े सौदागर यहां पहुंचने लगे।
पक्के निर्माण के अभाव और नदी के कटाव के चलते अस्थायी मगर आलीशान कनात शिविर बनाने की कला परवान चढ़ी। जानकार बताते हैं कि स्थानीय कारीगर एस दौर में बिना किसी आधुनिक मशीन के बांस-बल्लियों के मजबूत ढांचे पर मोटी कनात तानकर कई कमरों और ऊपरी मचान वाले शिविर खड़े कर देते थे।
इन शाही डेरों के भीतर आंगन, स्वागत कक्ष और अलग रसोईघर तक बनाए जाते थे, जिन्हें रंग बिरंगी झालरों व लोक चित्रकारी से सजाया जाता था। व्यापारियों के लिए ये तंबू आवास के साथ साथ गोदाम और बैठक का काम भी करते थे।
बदलते दौर के साथ भले ही तंबुओं के स्वरूप में आधुनिकता आई हो, लेकिन गंगा तट पर बसने वाली यह तंबुओं की नगरी आज भी आस्था, व्यापार और लोक कला का संगम बनी हुई है।
ग्रामीण स्थापत्य का जीवंत उदाहरण है यह तंबू
ककोड़ा के तंबू केवल अस्थायी आश्रय नहीं थे, बल्कि ग्रामीण वास्तुकला का बेहतरीन उदाहरण थे। कारीगर हवा के रुख और रेती की नमी को ध्यान में रखकर शिविर तैयार करते थे। आंगन और बैठक वाले ये डेरे दिन में शीतलता और रात में सुरक्षा देते थे, जिससे जमींदारों व व्यापारियों का प्रवास सहज हो जाता था।
मेले में महीनों डेरा डालकर रुकते थे व्यापारी
कार्तिक पूर्णिमा स्नान से शुरू हुई ककोड़ा की यात्रा धीरे धीरे रुहेलखंड के बड़े व्यावसायिक मेले में बदल गई। पशुओं, घरेलू सामान और अनाज के कारोबार के लिए आने वाले व्यापारी महीनों यहीं डेरा डालते थे। इसी मेल जोल ने मेले को मिनी कुंभ की पहचान दी और तंबुओं की परंपरा को स्थायी रूप मिला।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।