ककोड़ा देवी मंदिर का वो रहस्य: जहां कभी मंदिर की दीवारों को छूकर बहती थी गंगा, स्नान से ठीक हो जाता था नवाब का कोढ़
ककोड़ा देवी मंदिर के पीछे कभी गंगा की धारा बहती थी, जहां स्नान से नवाब अब्दुल्ला का कोढ़ ठीक हुआ ...और पढ़ें

ककोड़ा गांव स्थित ककोड़ा देवी माता का मंदिर और मंदिर से तीन किलोमीटर दूर बह रही गंगा जागरण
HighLights
स्नान के बाद देवी के दर्शन करने को अब भक्तों को तय करनी पड़ती है 12 किमी की दूरी
आशीष देव मिश्रा, बदायूं। जिले का ऐतिहासिक ककोड़ा देवी मंदिर सदियों पुरानी आस्था, चमत्कारों और पौराणिक कथाओं का जीवंत केंद्र है। मंदिर के इतिहास की परतें टटोलने पर चलता है कि कभी जिस मंदिर के ठीक पीछे मां गंगा की पावन धारा कलकल बहती थी, आज वही धार भक्तों की पहुंच से दो से तीन किलोमीटर दूर छिटक चुकी है।
कहा जाता है कि मंदिर के ठीक पीछे बहने वाली गंगा की धारा में स्नान करने से लाइलाज कोढ़ तक ठीक हो जाते थे। समय के साथ धारा ने अपनी दिशा बदली और आज स्थिति यह है कि मंदिर से गंगा दूर हो गई है, जिससे श्रद्धालुओं को स्नान के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है।
ककोड़ा देवी मंदिर के महंत धर्म गिरी महाराज बताते हैं कि आज से सालों पहले गंगा की मुख्य धारा मंदिर के पीछे से गुजरती थी। उस दौर में स्थानीय लोग और दूर दराज से आने वाले श्रद्धालु मंदिर के ठीक पीछे गंगा में डुबकी लगाते और फिर माता के दर्शन कर पूजा अर्चना करते थे।
समय के साथ साथ अब गंगा की धारा मंदिर से दो से तीन किलोमीटर दूर बह रही है। पुरानी गाथाओं के पन्नों को पलटे तो इस देवस्थान से जुड़ा एक प्रसंग सामने आता है।
उझानी के शासक नवाब अब्दुल्ला को जब कोढ़ हो गया था, तब उन्होंने इसी मंदिर के पीछे बहने वाली गंगा की धारा में स्नान किया था। मान्यता है कि उस चमत्कारी जल में नहाने के बाद देवी की आराधना करने से उनका कोढ़ पूरी तरह ठीक हो गया था, जिसके बाद से इस क्षेत्र की महत्ता और अधिक बढ़ गई।
महंत धर्म गिरी महाराज ने यह भी बताया कि दो साल पहले जब मानसूनी बरसात अधिक हुई थी, तब कई वर्षों बाद गंगा की धार ने फिर से मंदिर तक का रुख किया था और पुराना मंजर लौट आया था। हालांकि, वह प्राकृतिक उल्लास कुछ समय का ही था।
आज स्थिति यह है कि ककोड़ा देवी के दर्शन के लिए आने वाले भक्तों को गंगा स्नान करने के लिए सड़क मार्ग से 10 से 12 किलोमीटर की लंबी दूरी तय करनी पड़ती है।
प्रकृति के इस बदलाव के बावजूद श्रद्धालुओं की अटूट आस्था में कोई कमी नहीं आई है। श्रद्धालु आज भी स्नान करने के बाद मदिर में ककाेड़ा माता का आशीर्वाद लेने जरूर आते हैं।
यह भी पढ़ें- Mela Kakoda: पहचान बदायूं की, पर कासगंज के किसानों की जमीन पर बसता है ये 'मिनी कुंभ'
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।