रुहेलखंड के मिनी कुंभ में बसने लगा तंबुओं का शहर, लगने लगे VIP टेंट और झूले; पर इस बात की सता रही चिंता
रुहेलखंड के सुप्रसिद्ध ककोड़ा मेले में तैयारियां जोरों पर हैं, वीआईपी टेंट और झूले लगने शुरू हो गए हैं, जिससे रौनक बढ़ गई है।

गंगा की रेती पर बनी राउटियां। जागरण
HighLights
झंडी पूजन और उद्घाटन की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार
जागरण संवाददाता, बदायूं। रुहेलखंड के सुप्रसिद्ध मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में झंडी पूजन और उद्घाटन की तारीख नजदीक आने के साथ रौनक बढ़ने लगी है। गंगा तट पर तंबुओं का शहर बस रहा है।
वीआईपी क्षेत्र में टेंट लगाने का काम शुरू हो गया है और दुकानदारों की आमद तेज है। बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले भी पहुंचने लगे हैं। हालांकि, गंगा की उपधारा में पानी की कमी और आसपास के खेतों में खड़ी फसल चिंता का विषय बनी हुई है।

मेले में इस बार मनोरंजन के कई साधन होंगे। मौत का कुआं तैयार किया जा रहा है, जबकि मुख्य प्रवेश द्वार के पूर्वी हिस्से में छोटे-बड़े झूले लगाए जा रहे हैं। ड्रैगन झूला और ब्रेक डांस समेत कई आकर्षण बच्चों और युवाओं को लुभाएंगे।

झूला संचालक सामान के साथ मेला स्थल पहुंचकर तैयारियों में जुट गए हैं। वीआईपी क्षेत्र के अलावा अन्य जगहों पर भी बांस-बल्ली की वेल्डिंग कर टेंट लगाने की तैयारी चल रही है।
मुख्य मार्गों को मिट्टी डालकर समतल किया जा रहा है। धूल से श्रद्धालुओं और दुकानदारों को परेशानी न हो, इसके लिए टैंकरों से पानी का छिड़काव कराया जा रहा है। प्रमुख रास्तों के दोनों ओर बांस-बल्ली की घेराबंदी की गई है।

पाल, सिरकी और बाड़ा लगाने का काम भी शुरू है। अधिकारी लगातार मेला स्थल पहुंचकर तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। तैयारियों के चलते आसपास के किसानों को फसल समय से समेटने की चुनौती है।
मेला परिसर और मुख्य मार्गों के पास गन्ना, बाजरा और शकरकंदी की फसल खड़ी है। अग्निशमन विभाग, कोतवाली और डाक विभाग के आसपास किसान गन्ना काटने, बाजरा समेटने और शकरकंदी खोदने में जुटे हैं।

कई किसान उपज सुरक्षित घर पहुंचाने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। मुख्य स्नान से पहले गंगा में पर्याप्त पानी की उपलब्धता श्रद्धालुओं के लिए अहम है। ऐसे में मेले की तैयारियों के साथ जल की व्यवस्था करना भी प्रशासन के सामने चुनौती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।