विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Kakoda Mela: घाट पर सिर्फ घुटनों तक पानी, मुख्य धारा से दूर गंगा स्नान को तरस रहे श्रद्धालु; संत ने किया बहिष्कार का एलान

Published: Fri, 20 Nov 2026 06:06 PM (IST)

ककोड़ा मेला में श्रद्धालु पिछले तीन साल से मुख्य गंगा धारा में स्नान से वंचित हैं, घाट पर केवल घुटनों तक पानी है। जिला प्रशासन मुख्य धारा को घाट तक लाने में विफल रहा है, जिससे लाखों श्रद्धालुओं में निराशा है।

ककोड़ा मेला के घाट पर गंगा में घुटनों तक जलस्तर। जागरण

ककोड़ा मेला के घाट पर गंगा में घुटनों तक जलस्तर। जागरण

HighLights

  1. ककोड़ा मेला में आते हैं लाखों श्रद्धालु, मान्यता बहती गंगा में स्नान करने से मिलता है पुण्य

उमेश राठौर, बदायूं। भगवान श्रीराम के पूर्वज भागीरथ ने गंगा को पृथ्वी पर लाने के लिए कई साल तपस्या की थी। तब कहीं जाकर गंगा पृथ्वी पर उतरीं और आज तक जनकल्याण कर रही हैं लेकिन ककोड़ा मेला में पिछले तीन साल से श्रद्धालु मुख्य गंगा की धारा में स्नान करने को तरस रहे हैं। जिला प्रशासन अब तक मुख्य धारा को घाट तक लाने के लिए भागीरथ नहीं बन पाया है।

पिछले साल भी श्रद्धालुओं ने ठहरे हुए पानी में ही गंगा स्नान किया था। प्रशासन ने मुख्य धारा से कुछ पानी की धार काटकर श्रद्धालुओं के लिए जल का इंतजाम कराया था, लेकिन वह मुख्य धारा का स्नान नहीं था।

19BDN_58_19112026_475

इस बार भी हालात वही हैं। श्रद्धालु मुख्य धार से वंचित हैं। जहां पर गंगा घाट बनाया गया है, वहां केवल घुटनों तक जल है। वहां बच्चे भी बड़े आराम से स्नान कर सकेंगे, लेकिन श्रद्धालु जिसे गंगा स्नान मानते हैं, वह बहती हुई मुख्य धारा में डुबकी लगाना है।

ठहरे पानी में उन्हें वह आस्था और संतोष नहीं मिल रहा। ककोड़ा मेला गंगा स्नान के लिए ही लगता है। लाखों श्रद्धालु दूर-दूर से आते हैं कि मुख्य गंगा में डुबकी लगाकर पुण्य कमाएंगे लेकिन जब घाट पर पहुंचते हैं तो देखते हैं कि गंगा दूर बह रही है और घाट पर सिर्फ घुटनों तक पानी है। इससे श्रद्धालुओं में निराशा है।

पिछले तीन साल से यही कहानी दोहरा रहा है जिला प्रशासन

जिला प्रशासन पिछले तीन साल से यही कहानी दोहराता आ रहा है। हर साल मेला लगता है और हर साल वादा किया जाता है कि इस बार मुख्य धारा घाट तक लाई जाएगी, लेकिन मेला बीत जाता है और यह वादा अधूरा रह जाता है।

जिला प्रशासन कभी कोई कमी बताता है, तो कभी गंगा के रुख का हवाला देता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर जिला प्रशासन चाहे तो प्रयास करके मुख्य धारा को घाट तक ला सकता है।

इसके लिए पहले से तैयारी करनी होगी, समय पर काम शुरू करना होगा लेकिन हर बार यह काम मेला शुरू होने के दौरान ही किया जाता है। मेला खत्म हो जाता है और यह काम पूरा नहीं होता।

घुटनों तक जल...कैसे पूरी हो आस्था

इस समय ककोड़ा मेला आने वाले श्रद्धालुओं के सामने एक ही सवाल है कि आखिर श्रद्धालु यहां बहते हुए जल में स्नान कर पुण्य कमाने आते हैं लेकिन यहां तो घुटनों तक ही जल है। ऐसे में श्रद्धालुओं को कैसे पुण्य मिलेगा, वह कैसे गंगा स्नान करेंगे, उनकी आस्था कैसे पूरी होगी, यह सब भगवान ही जानें।

संत नन्हेदास बोले- न लगाऊंगा तंबु और न जाऊंगा मेला

इस बार भी मेला घाट पर मुख्य धारा न आने से ककोड़ा देवी मंदिर के संत नन्हेदास काफी नाराज हैं। उनका कहना है कि वह सिर्फ झंडी पूजन वाले दिन ककोड़ा मेला में गए थे। उसके बाद मेला नहीं गए।

उन्हें पता है कि जिला प्रशासन सिर्फ आश्वासन दे रहा है कि मुख्य धारा घाट तक लाई जाएगी, लेकिन यह सब हवाहवाई सावित होगा। इससे वह न तो मेले में जाएंगे और न ही वह तंबु लगाएंगे। उन्होंने इस संबंध में डीएम और कुछ नेताओं से भी बात की है।

यह भी पढ़ें- बदायूं के मिनी कुंभ 'मेला ककोड़ा' में बसने लगा तंबुओं का शहर, पर गंगा के कम जलस्तर ने बढ़ाई श्रद्धालुओं की चिंता

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।