विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पक्के फर्श से लेकर ‘एक पहचान’ तक, ऑपरेशन कायाकल्प से बदायूं के सरकारी स्कूलों की बदली तस्वीर

Published: Mon, 23 Nov 2026 03:27 PM (IST)

बदायूं के परिषदीय स्कूलों में ऑपरेशन कायाकल्प के तहत बड़े बदलाव हुए हैं, जिससे जिला प्रदेश में पहले स्थान पर आ गया है।

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, बदायूं। जिले के परिषदीय स्कूलों में अब सिर्फ दीवारें और फर्श ही नहीं संवर रहे, बल्कि बच्चों के आत्मविश्वास को भी नई उड़ान मिल रही है।

ऑपरेशन कायाकल्प में 10 में से 10 अंक पाकर बदायूं प्रदेश में पहले पायदान पर पहुंच गया है। जहां 2,020 स्कूलों में कक्षा कक्ष टाइलिंग और 2,114 में बाउंड्रीवाल व गेट का काम पूरा हो चुका है, वहीं अगली साल मार्च तक हर अधूरे मानक को 100 फीसदी पूरा करने की तैयारी है।

इसी बदलाव के बीच उमंग ‘एक पहचान’ कार्यक्रम ने बच्चों को मंच दिया, जहां 256 चयनित विद्यार्थियों ने जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाई।

जिले के परिषदीय स्कूलों की तस्वीर बदल रही है। 2158 परिषदीय विद्यालयों में से 2151 विद्यालय में 16 से अधिक मानक पूरे हो चुके हैं। शेष मानकों में कक्षा कक्ष टाइलिंग 93.74 प्रतिशत, चाहरदीवारी व मुख्य द्वार 98.10 प्रतिशत, दिव्यांग सुलभ शौचालय 97.59 प्रतिशत तथा विद्युतीकरण व उपकरण 97.00 प्रतिशत तक पहुंच चुके हैं।

सीडीओ गामिनी सिंगला ने बताया कि 2,128 प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और पंचायत भवनों में मूलभूत कमियां दूर करने के लिए संबंधित विभागों व अधिकारियों को पत्र भेजे गए हैं।

सीएसआर और क्रिटिकल गैप से भी संसाधन जुटाए जा रहे हैं। सुविधाओं के साथ प्रतिभा निखारने पर भी पूरा जोर है। उमंग एक पहचान कार्यक्रम के तहत सितंबर में स्कूल से लेकर जनपद स्तर तक बाल कविता, कहानी, सामान्य ज्ञान, डिक्टेशन और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं हुईं। 23 सितंबर को डायट ऑडिटोरियम में हुई जनपद स्तरीय स्पर्धा में 256 चयनित बच्चों ने दम दिखाया।

विजेताओं को नकद पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र और उपहार मिले, जबकि अभिभावकों व शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। सीडीओ गरिमा सिंगला ने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि इन आयोजनों से अनुशासन, समय प्रबंधन और निर्णय क्षमता बढ़ती है। वहीं पारदर्शिता के लिए एसआईटी जांच के तहत शिक्षकों के प्रमाण पत्रों का सत्यापन होने के बाद ही वेतन आहरण की कार्रवाई तय की गई है।

निर्माणाधीन कार्य अब पकड़ेगा रफ्तार

कक्षा-कक्ष टाइलिंग में 2,020 विद्यालय पूर्ण व 138 निर्माणाधीन, चाहरदीवारी व मुख्य द्वार में 2,114 पूर्ण व 44 निर्माणाधीन हैं। दिव्यांग सुलभ शौचालय 2,103 स्कूलों में पूरे व 55 में निर्माणाधीन हैं। वहीं विद्युतीकरण व उपकरण 2,154 विद्यालयों में पूर्ण हो चुके हैं और केवल चार विद्यालय अवशेष हैं। जिन्हें जल्द से जल्द पूरा कराया जाएगा।

यह भी पढ़ें- स्कूल के दिनों में देखा था विमान उड़ाने का ख्वाब, अब कॉकपिट संभालेंगी धनबाद की देबरूपा; बनीं कमर्शियल पायलट

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।