विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

स्कूल के दिनों में देखा था विमान उड़ाने का ख्वाब, अब कॉकपिट संभालेंगी धनबाद की देबरूपा; बनीं कमर्शियल पायलट

Published: Mon, 23 Nov 2026 01:18 PM (IST)

धनबाद के चासनाला की देबरूपा मुखर्जी ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और कठिन परिश्रम से कमर्शियल पायलट बनने का सपना पूरा किया है। 

देबरूपा मुखर्जी की फाइल फोटो। (सौजन्य- स्वजन)

देबरूपा मुखर्जी की फाइल फोटो। (सौजन्य- स्वजन)

HighLights

  1. देबरूपा मुखर्जी धनबाद के चासनाला से बनीं कमर्शियल पायलट।

  2. उन्होंने कानपुर और हैदराबाद से पायलट प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया।

  3. यह उपलब्धि कोयलांचल की अन्य बेटियों के लिए बड़ी प्रेरणा है।

संवाद सूत्र, चासनाला। दृढ़ इच्छाशक्ति और कठिन परिश्रम के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। इसे सच कर दिखाया है धनबाद के चासनाला की बेटी देबरूपा मुखर्जी ने।

बचपन से विमान उड़ाने का सपना देखने वाली देबरूपा अब कमर्शियल पायलट बन गई हैं। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से चासनाला सहित पूरे धनबाद जिले में गर्व और उत्साह का माहौल है।

धनबाद में जन्मीं देबरूपा ने अपने जीवन के शुरुआती करीब 20 वर्ष चासनाला में बिताए। उन्होंने कक्षा सातवीं तक की पढ़ाई कार्मेल स्कूल, डिगवाडीह से की।

इसके बाद चासनाला अकादमी से विज्ञान संकाय में दसवीं और बारहवीं की परीक्षा उत्तीर्ण की। स्कूली दिनों से ही उनके मन में विमानन क्षेत्र में करियर बनाने की प्रबल इच्छा थी।

चुनौती पूर्ण रहा सफर

देबरूपा ने बताया कि कमर्शियल पायलट बनने का यह सफर काफी चुनौतीपूर्ण और रोमांचक रहा। इस लक्ष्य को पाने के लिए उन्होंने लगभग दो वर्षों तक कड़ा अनुशासन और कठिन परिश्रम किया।

उन्होंने पहले गर्ग एविएशन, कानपुर और उसके बाद फ्लाईटेक एविएशन अकादमी, हैदराबाद से अपना प्रशिक्षण प्राप्त किया। हैदराबाद से कमर्शियल पायलट लाइसेंस का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर उन्होंने अपने बचपन के सपने को पंख दिए।

वर्तमान में देबरूपा का परिवार धनबाद के बरटांड़ स्थित भुवनेश्वरी रेसिडेंसी में निवास करता है। उनके पिता राणा मुखर्जी स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के सेवानिवृत्त कर्मी हैं।

मां और बहन ने बढ़ाया मनोबल

देबरूपा अपनी सफलता का श्रेय माता सरबानी मुखर्जी, बड़ी बहन देबास्मिता मुखर्जी और अपने दोस्तों को देती हैं, जिन्होंने हर कठिन मोड़ पर उनका मनोबल बढ़ाया।

चासनाला की गलियों से निकलकर आसमान की ऊंचाइयों को छूने वाली देबरूपा की यह सफलता कोयलांचल की अन्य बेटियों के लिए भी एक बड़ी प्रेरणा है।

यह भी पढ़ें- Ramayana से बॉलीवुड में चमकीं धनबाद की सायंतनी, नितेश तिवारी की फिल्म में बनीं सेकंड असिस्टेंट डायरेक्टर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।