विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोशाला की डिमांड भेजने के नाम पर गूगल-पे से वसूली! प्रधानों के स्क्रीनशाट से पशुपालन विभाग में हड़कंप

Published: Fri, 20 Nov 2026 04:29 PM (GMT+05:30)

बदायूं में गोशालाओं के नाम पर वसूली का आरोप लगा है, जहां प्रधानों ने पशुधन प्रसार अधिकारी पर गूगल-पे के जरिए पैसे लेने का आरोप लगाया है। मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की गई है।

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. शिकायत करने पर धमकाने का आरोप, सीवीओ ने गठित की तीन सदस्यीय जांच कमेटी, कर्मचारी ने उधारी के लेनदेन का बताया मामला

जागरण संवाददाता, बदायूं। गोवंश संरक्षण के नाम पर संचालित गोशालाओं में भी वसूली का खेल चलने के आरोप लगे हैं। गोशालाओं की जरूरतों और उनके संचालन से जुड़ी डिमांड भेजने की प्रक्रिया को कथित कमाई का जरिया बनाए जाने की शिकायत सामने आई है। म्याऊं ब्लाक क्षेत्र के आधा दर्जन ग्राम प्रधानों ने पशुधन प्रसार अधिकारी राजीव कुमार पर गूगल-पे के माध्यम से रुपये लेने का आरोप लगाया है।

इतना ही नहीं, रकम देने के बाद विरोध करने और मुख्य पशु चिकित्साधिकारी (सीवीओ) से शिकायत करने पर धमकाने का भी आरोप लगाया है। शिकायत के साथ प्रधानों ने लेनदेन के स्क्रीनशाट और अन्य दस्तावेज भी सौंपे हैं। मामला सामने आने के बाद पशुपालन विभाग में सवाल खड़े हो गए हैं।

ब्लाक म्याऊं की ग्राम पंचायत गूरा बरेला के प्रधान पति नितिन कुमार और नवीगंज के प्रधान अरुण कुमार समेत अन्य प्रधानों ने सीवीओ प्रेम सिंह कोहली को लिखित शिकायत दी थी। इसमें आरोप लगाया कि गोशालाओं की डिमांड भेजने के नाम पर उनसे रुपये लिए गए।

आरोप है कि यह रकम नकद लेने के बजाय गूगल-पे के जरिए मंगाई गई, ताकि लेनदेन का हिसाब भी बना रहे। प्रधानों ने अपनी शिकायत के समर्थन में डिजिटल भुगतान के स्क्रीनशाट भी उपलब्ध कराए हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सीवीओ ने तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर दी। कमेटी को शिकायत में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों की पड़ताल कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।

हालांकि, जांच पूरी होने से पहले ही मामले में एक नया मोड़ आ गया है। राजीव कुमार का तबादला होने के बाद शिकायतकर्ताओं ने आगे कार्रवाई कराने से इन्कार कर दिया है।

इससे शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच और उनके पीछे की वास्तविक वजह को लेकर स्थिति और पेचीदा हो गई है। उधर, आरोपित कर्मचारी राजीव कुमार ने वसूली के आरोपों को निराधार बताया है।

उनका कहना है कि ग्राम प्रधान पति नितिन कुमार के साथ उधारी के रुपये का लेनदेन होता था। गूगल-पे के स्क्रीनशाट उसी लेनदेन के हैं, जिन्हें आधार बनाकर उनके खिलाफ शिकायत की गई है।

उनका यह भी दावा है कि नितिन कुमार के गांव की गोशाला में कई खामियां थीं, जिन्हें उजागर करने के कारण उन्हें निशाना बनाया गया। अब जांच कमेटी के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि डिजिटल भुगतान उधारी के लेनदेन का हिस्सा थे या गोशालाओं की डिमांड भेजने के नाम पर रकम वसूली जा रही थी। जांच रिपोर्ट से ही इस पूरे मामले की असलियत सामने आएगी।

 

ग्राम प्रधानों की ओर से शिकायत मिली थी। तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर उपलब्ध साक्ष्यों और आरोपों की जांच कर रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

- डाॅ. प्रेम सिंह कोहली, सीवीओ


यह भी पढ़ें- बदायूं के मिनी कुंभ 'मेला ककोड़ा' में बसने लगा तंबुओं का शहर, पर गंगा के कम जलस्तर ने बढ़ाई श्रद्धालुओं की चिंता

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।