विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी के इस जिले में तैयार हो रहा 149 करोड़ का नया औद्योगिक शहर, गंगा एक्सप्रेसवे से होगी सीधी कनेक्टिविटी

Published: Thu, 19 Nov 2026 06:34 PM (GMT+05:30)

बदायूं में गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे 149 करोड़ रुपये की लागत से नया औद्योगिक शहर आकार ले रहा है। घटपुरी ...और पढ़ें

गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे घटपुरी इंटरचेंज के पास औद्योगिक गलियारे के निर्माण कर में लगी मशीन। जागरण

गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे घटपुरी इंटरचेंज के पास औद्योगिक गलियारे के निर्माण कर में लगी मशीन। जागरण

HighLights

  1. यूपीडा के कैंप कार्यालय के बाद आंतरिक सड़कें और बुनियादी सुविधाएं विकसित करने की तैयारी, 23.2 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण बाकी

अंकित गुप्ता, बदायूं। गंगा एक्सप्रेसवे पर फर्राटा भरते वाहनों के बीच अब बदायूं के औद्योगिक भविष्य की तस्वीर भी आकार लेने लगी है। बुधवार को घटपुरी इंटरचेंज के पास पहुंचे तो यहां प्रस्तावित औद्योगिक गलियारे की जगह मशीनें काम करती नजर आईं। कहीं जमीन को समतल करने के लिए मिट्टी का भराव कराया जा रहा था तो कहीं बाउंड्री निर्माण की तैयारी चल रही थी।

निर्माण कार्य में लगी मशीनों की आवाज और जमीन पर चल रही गतिविधियां बता रही थीं कि जिले के पहले बड़े औद्योगिक गलियारे की शुरुआत अब फाइलों से निकलकर जमीन पर पहुंच चुकी है।

गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे बदायूं के लिए एक नया औद्योगिक केंद्र तैयार करने की कवायद शुरू हो गई है। इस परियोजना की खास बात यह है कि यहां सिर्फ औद्योगिक भूखंड विकसित करने की योजना नहीं है, बल्कि विनिर्माण से लेकर माल भंडारण और परिवहन तक की गतिविधियों को एक ही क्षेत्र में जगह देने की तैयारी है।

इसके लिए यूपीडा ने कैंप कार्यालय का निर्माण शुरू करा दिया है। बुधवार को मौके पर बाउंड्री बनाने और जमीन में मिट्टी के भराव का काम होता दिखाई दिया। शुरुआती निर्माण पूरा होने के बाद यहां अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी।

इसके बाद आंतरिक सड़कों, जल निकासी, बिजली, पानी और दूसरी जरूरी सुविधाओं को विकसित करने का काम आगे बढ़ेगा। गंगा एक्सप्रेसवे और बरेली-मथुरा राष्ट्रीय राजमार्ग के बीच इस औद्योगिक गलियारे को विकसित किया जा रहा है।

इसके लिए घटपुरी, औरंगाबाद माफी और कुतुबपुर थरा गांवों की करीब 134.5 हेक्टेयर भूमि चिह्नित की गई है। इसमें से 111.2 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण पूरा हो चुका है। शेष 23.2 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण होना बाकी है।

इसके लिए करीब 500 किसानों की जमीन लेने की प्रक्रिया प्रस्तावित है। प्रशासन और यूपीडा के स्तर से इस दिशा में कार्रवाई की जा रही है। परियोजना के विकास के लिए शासन ने 149.03 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं।

यूपीडा की योजना के तहत इसे इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लाजिस्टिक्स क्लस्टर (आइएमएलसी) के रूप में विकसित किया जाना है। प्राधिकरण की वेबसाइट पर बदायूं नोड का नियोजित क्षेत्रफल 269 एकड़ दर्ज है।

यूपीडा के प्रोजेक्ट मैनेजर संतोष कुमार के अनुसार, अधिग्रहण के बाद औद्योगिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए कैंप कार्यालय तैयार कराया जा रहा है।

इंटरचेंज से एक किलोमीटर की दूरी, उद्योगों के साथ लाजिस्टिक्स का भी बनेगा केंद्र

इस औद्योगिक गलियारे की सबसे बड़ी ताकत इसकी भौगोलिक स्थिति है। गंगा एक्सप्रेसवे के घटपुरी इंटरचेंज से इसकी दूरी करीब एक किलोमीटर है।

वहीं बरेली-मथुरा राष्ट्रीय राजमार्ग भी नजदीक है। यानी यहां स्थापित होने वाली औद्योगिक इकाइयों को दो प्रमुख मार्गों की कनेक्टिविटी मिलेगी।

इससे कच्चे माल की आपूर्ति और तैयार उत्पादों को दूसरे शहरों तक पहुंचाने में सहूलियत होगी। विनिर्माण इकाइयों के अलावा वेयरहाउस, माल भंडारण, पैकेजिंग और लाजिस्टिक्स से जुड़ी गतिविधियों के लिए भी यहां संभावनाएं बनेंगी।

रोजगार के लिए अब नहीं जाना होगा दिल्ली, एनसीआर और पंजाब

बदायूं में बड़े औद्योगिक प्रतिष्ठानों की कमी के चलते स्थानीय युवाओं को रोजगार के लिए बरेली, दिल्ली-एनसीआर और दूसरे औद्योगिक शहरों की ओर जाना पड़ता है।

औद्योगिक गलियारा विकसित होने पर उद्योगों में प्रत्यक्ष रोजगार के साथ परिवहन, निर्माण, सुरक्षा, रखरखाव और अन्य सहायक सेवाओं में भी अवसर पैदा हो सकते हैं। हालांकि अभी बाउंड्री और जमीन समतल करने जैसे शुरुआती काम ही चल रहे हैं।

निवेशकों की भागीदारी, भूखंडों का विकास और आवंटन इस परियोजना की असली परीक्षा होंगे। बुधवार को मौके पर चल रहा निर्माण इस बात का संकेत जरूर दे रहा था कि बदायूं का औद्योगिक शहर अब आकार लेने लगा है।

यह भी पढ़ें- बदायूं के ककोड़ा मेले की अनसुनी कहानी: एक चमत्कारी घास, जिससे ठीक हुआ नवाब का कोढ़ और बन गया भव्य देवी मंदिर!

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।