शुरू हुआ ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर: अब खुद बटन दबाकर देखें वोट कैसे पड़ता है और वीवीपैट पर्ची कैसे दिखती है
बदायूं जिले में मतदाताओं के ईवीएम और वीवीपैट संबंधी भ्रम दूर करने के लिए ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर शुरू किए गए हैं। इन केंद्रों पर नागरिक स्वयं वोटिंग प्रक्रिया का अनुभव ले सकते हैं और वीवीपैट पर्ची से अपने मत की पुष्टि कर सकते हैं।

बिसौली में एसडीएम प्रियंका अग्रवाल की उपस्थिति में ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन करते लोग। स्रोत प्रशासन
HighLights
अधिसूचना जारी होने तक सभी तहसीलों पर सुबह 10 से शाम पांच बजे तक खुलेंगे माकपोल केंद्र
जागरण संवाददाता, बदायूं। विधानसभा चुनाव से पहले मतदाताओं के मन में ईवीएम की विश्वसनीयता और वोटिंग सिस्टम को लेकर बनी शंकाओं को दूर करने के लिए शुक्रवार को जिले में ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर की शुरुआत हो गई। जिला मुख्यालय के साथ साथ सभी तहसील परिसरों में यह व्यवस्था लागू की गई है। सीडीओ गामिनी सिंगला ने कलेक्ट्रेट स्थित सेंटर का उद्घाटन कर लोगों से स्वयं मशीन जांचने की अपील की।
उद्घाटन के दौरान सीडीओ गामिनी सिंगला ने कहा कि अक्सर लोगों के मन में ईवीएम और वीवीपैट को लेकर कई सवाल रहते हैं, जिनका जवाब अब प्रैक्टिकल के जरिए मिलेगा। नागरिक खुद बटन दबाकर मतदान का अनुभव ले सकते हैं।
वे बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट और वीवीपैट के काम करने का तरीका देख सकेंगे तथा वोट डालने के बाद वीवीपैट पर्ची पर अपना चुनाव चिह्न देखकर संतुष्ट भी हो सकेंगे।

एडीएम एफआर महेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में शुक्रवार को इस पारदर्शी प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत कर दी गई है। पहले दिन करीब 65 लोगों ने ईवीएम चेक कर अपना भ्रम दूर किया। उन्होंने बताया कि प्रक्रिया निर्वाचन आयोग की अधिसूचना जारी होने तक चलेगी।
लोगों को स्वयं जांचने और संतुष्ट होने का अवसर देने के लिए ईवीएम मशीनें प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक सभी तहसील परिसरों और जिला मुख्यालय पर उपलब्ध रहेंगी, जिससे चुनावी प्रक्रिया में जनविश्वास और मजबूत हो सके।
हर सेंटर पर जानकार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है ताकि किसी को समझने में दिक्कत न हो। इस मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मास्टर ट्रेनर्स भी मौजूद रहे।
बिसौली में पहले दिन 16 लोगों ने ईवीएम मशीन जांची
बिसौली। तहसील परिसर में शुक्रवार को ईवीएम का प्रदर्शन किया गया, जिसमें अधिकारियों व कर्मचारियों की मौजूदगी में 16 मत डाले गए। यह पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और मशीन की कार्यप्रणाली बिल्कुल सही पाई गई।
प्रदर्शन के दौरान लोगों को ईवीएम के संचालन, मतदान की प्रक्रिया तथा मतगणना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। एसडीएम प्रियंका अग्रवाल ने बताया कि आमजन को मतदान प्रक्रिया और ईवीएम के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है।
लेखपाल संदीप कुमार के अनुसार यह अभियान आगामी चार जनवरी तक जारी रहेगा। इस अवसर पर तहसीलदार सोहनपाल सिंह, नायब तहसीलदार रजत कुमार, लेखपाल संदीप कुमार और अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
बिल्सी के 14 लोगों ने लिया ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन में भाग
बिल्सी। तहसील परिसर में एसडीएम गौरव आर्य द्वारा ईवीएम का डेमोंस्ट्रेशन किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य लोगों को मतदान मशीन की कार्यप्रणाली से परिचित कराना है।
डेमोंस्ट्रेशन के दौरान उपस्थित नागरिकों को ईवीएम के संचालन, वोट डालने की सरल प्रक्रिया तथा इसकी सुरक्षा और विश्वसनीयता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के प्रदर्शन से आमजन में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ती है और चुनाव प्रक्रिया को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रांति दूर होती है। अभियान के पहले दिन कुल 14 लोगों ने ईवीएम का डेमोंस्ट्रेशन किया और मशीन के उपयोग से जुड़ी जानकारी प्राप्त की।
सहसवान तहसील में देर शाम तक नहीं पहुंची ईवीएम मशीन
सहसवान। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार हर तहसील मुख्यालय पर ईवीएम मशीन का डेमो दिखाए जाने के आदेश के बावजूद सहसवान तहसील कार्यालय पर देर शाम तक मशीन नहीं पहुंची जिसके कारण माकपोल शुरू नहीं हो सका है।
डेमो देखने पहुंच रहे मतदाता मशीन न मिलने से निराश होकर लौट गए। एसडीएम शौर्य अरोड़ा ने बताया कि प्रदर्शन के लिए मशीनें अभी आ रही हैं और एक दो दिन में सहसवान तहसील में ईवीएम डेमो मशीन लगा दी जाएगी, जिससे मतदाता आसानी से प्रक्रिया समझ सकेंगे।
सुनिए पार्टियों के जिलाध्यक्षों को
निर्वाचन आयोग बेहतर ढंग से चुनाव करा रहा है, सभी तहसीलों मेंईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर शुरू कराना प्रशासन का सराहनीय कदम है। इससे कुछ लोगों में जो वोट चोरी को लेकर भ्रम की स्थिति बनी हुई थी वो दूर होगी। - राजीव कुमार गुप्ता, जिलाध्यक्ष भाजपा
प्रशासन द्वारा जनता की संतुष्टि के लिए उठाए गए इस कदम का स्वागत है, लेकिन प्रतिदिन केवल 40-50 वोट डालकर दिखाने से यह स्पष्ट नहीं होता कि वोट चोरी रुकी है या नहीं। पार्टी अलग अलग समय पर अपने कार्यकर्ताओं को भेजकर स्वयं इसकी जांच करेगी। - जयपाल सिंह, जिलाध्यक्ष बसपा
यदि प्रशासन और चुनाव आयोग वास्तव में यह साबित करना चाहते हैं कि वोट चोरी नहीं हो रही है, तो उन्हें बैलेट पेपर पर चुनाव कराना चाहिए। इससे स्थिति पूरी तरह साफ हो सकेगी और जनता के मन में किसी भी प्रकार के भ्रम की स्थिति नहीं बनेगी। - आशीष यादव, जिलाध्यक्ष सपा
जनता सब जान चुकी है और 50-60 वोट डलवाने से यह साबित नहीं होता कि वोट चोरी नहीं होती। उन्होंने सवाल उठाया कि चुनाव आयोग शाम पांच बजे के बाद की पोलिंग का डेटा क्यों नहीं देता, और स्पष्ट किया कि इन मुद्दों पर कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। - अजीत यादव, जिलाध्यक्ष कांग्रेस
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।