विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोकर उठते ही मिलेगा सरप्राइज, मॉर्निंग रेड अभियान में बिजली चोरों के घर सुबह-सुबह पड़ेगा विभाग का छापा

Published: Mon, 21 Sep 2026 02:05 PM (IST)

बिजली चोरी पर लगाम कसने के लिए विद्युत निगम ने 'मॉर्निंग रेड' अभियान शुरू किया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. बदायूं में बिजली चोरी रोकने को 'मॉर्निंग रेड' अभियान शुरू।

  2. तड़के छापेमारी से चोरों को संभलने का मौका नहीं मिलेगा।

  3. अवैध कनेक्शन पर सख्त कानूनी कार्रवाई और जुर्माना लगेगा।

जागरण संवाददाता, बदायूं। जिले में लगातार बढ़ रही बिजली चोरी पर लगाम कसने के लिए विद्युत निगम ने एक नई और सख्त रणनीति तैयार की है। निगम अब जिलेभर में मार्निंग रेड अभियान चलाने जा रहा है।

इस अभियान के तहत निगम की सतर्कता और जांच टीमें तड़के ही संदिग्ध इलाकों और घरों में अचानक छापेमारी करेंगी। इस कदम का मुख्य उद्देश्य कटियाबाजों को संभलने का मौका दिए बिना रंगे हाथ पकड़ना और राजस्व नुकसान को रोकना है।

लीक हो जाती थी सूचना

बिजली निगम के अधिकारियों के अनुसार, पूर्व में जब भी दिन के समय जांच टीमें कार्रवाई के लिए निकलती थीं, तो स्थानीय स्तर पर सूचना तुरंत लीक हो जाती थी। इसके चलते बिजली चोरी करने वाले लोग सतर्क हो जाते थे और टीम के पहुंचने से पहले ही तार हटा लेते थे।

इससे न केवल जांच टीम को खाली हाथ लौटना पड़ता था, बल्कि चोरी साबित करना भी बेहद मुश्किल हो जाता था। इस कमी को दूर करने के लिए निगम ने अपनी रणनीति में बदलाव किया है।

सोते रहेंगे लोग तब तक पहुंच जाएगी टीम

नई योजना के तहत जब लोग सोकर भी नहीं उठे होंगे, तब तक विद्युत निगम की टीम उनके दरवाजे पर दस्तक दे चुकी होगी। सुबह-सुबह की जाने वाली इस अचानक कार्रवाई से गुप्त सूचनाएं लीक होने की गुंजाइश खत्म हो जाएगी। टीम सीधे मौके पर पहुंचकर कटिया और अवैध कनेक्शनों को रंगे हाथ पकड़ेगी।

निगम का मानना है कि इस अभियान से कटियाबाजी में भारी कमी आएगी, लाइन लास घटेगा और ईमानदार उपभोक्ताओं को बेहतर व सुचारू बिजली आपूर्ति मिल सकेगी। नियम तोड़ने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जिले में बिजली चोरी रोकने और लाइन लास कम करने के लिए यह अभियान शुरू किया गया है। तड़के कार्रवाई से चोरी करने वालों को मौका नहीं मिलेगा। अवैध कनेक्शन पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई और जुर्माना वसूला जाएगा।

-अजय कुमार, अधीक्षण अभियंता विद्युत निगम

यह भी पढ़ें- जहानाबाद में बिजली कर्मी को घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग, छाती और बांह में गोली लगने के बाद PMCH रेफर

यह भी पढ़ें- सोलर पैनल वालों की बल्ले-बल्ले, अब सीधे पड़ोसी को बेच सकेंगे एक्स्ट्रा बिजली; UP में लागू होगा नया सिस्टम