विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब पीलीभीत-दुधवा जाने की जरूरत नहीं! UP के इस जिले में बनेगी भव्य लेपर्ड सफारी, 4000 बीघा जंगल में बसेगी वन्यजीवों की दुनिया

Published: Fri, 16 Oct 2026 12:17 PM (IST)

बदायूं के दातागंज क्षेत्र में करीब चार हजार बीघा जंगल में लेपर्ड सफारी और डियर पार्क बनाने की योजना है। ...और पढ़ें

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. दातागंज क्षेत्र में करीब चार हजार बीघा जंगल पर नजर, डियर पार्क बनाने का प्रस्ताव भी शासन को भेजा

उमेश राठौर, बदायूं। जिले के पर्यटन को नई पहचान दिलाने की दिशा में बड़ी पहल की जा रही है। दातागंज क्षेत्र में लेपर्ड सफारी बनाने की योजना तैयार की गई है। इसके बनने से जिले के लोगों को तेंदुए और अन्य वन्यजीवों को प्राकृतिक वातावरण में देखने के लिए पीलीभीत, दुधवा या दूसरे प्रदेशों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

पर्यटक सुरक्षित कार में सवार होकर जंगल सफारी का आनंद ले सकेंगे। वन विभाग ने इसके लिए शासन को प्रस्ताव भेजा है। इसके साथ ही डियर पार्क बनाने की योजना पर भी काम किया जा रहा है।

लेपर्ड सफारी के लिए दातागंज क्षेत्र में करीब चार हजार बीघा में फैले जंगल को उपयुक्त माना जा रहा है। यहां पहले से ही पेड़-पौधे और प्राकृतिक वातावरण मौजूद है।

वन विभाग की जमीन का उपयोग कर इसे विकसित करने की योजना है। सफारी क्षेत्र को चारों ओर से मजबूत बाड़ और घनी तारकशी से सुरक्षित किया जाएगा।

जिससे वन्यजीव बाहर निकलकर आबादी वाले क्षेत्रों में न पहुंचें और पर्यटकों की सुरक्षा भी बनी रहे। जंगल के भीतर वन्यजीवों के लिए प्राकृतिक आवास, पानी और भोजन की व्यवस्था की जाएगी। उनकी देखरेख के लिए वनकर्मियों की तैनाती होगी।

योजना के तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों में पकड़े जाने वाले तेंदुओं और अन्य वन्यजीवों को यहां रखने की योजना है। आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंचने वाले वन्यजीवों को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने के लिहाज से भी इसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सफारी शुरू होने के बाद पर्यटक निर्धारित मार्ग पर सुरक्षित वाहनों से जंगल का भ्रमण कर सकेंगे। इसके लिए विशेष रूट, प्रशिक्षित चालक, गाइड और सुरक्षा नियम निर्धारित किए जाएंगे। हालांकि, योजना को धरातल पर उतारने के लिए शासन की स्वीकृति और जरूरी संसाधनों की उपलब्धता महत्वपूर्ण होगी।

डियर पार्क भी बनेगा आकर्षण

लेपर्ड सफारी के साथ वन विभाग ने डियर पार्क बनाने का प्रस्ताव भी शासन को भेजा है। इसमें हिरण समेत अन्य शाकाहारी वन्यजीवों को रखने की योजना है।

दोनों परियोजनाएं विकसित होने से बच्चों, युवाओं और परिवारों को वन्यजीवों को करीब से देखने और उनके प्राकृतिक व्यवहार को समझने का अवसर मिलेगा।

जिले में वन्यजीव पर्यटन का प्रमुख केंद्र नहीं होने के कारण यह पहल खास मानी जा रही है। पर्यटन बढ़ने से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने के साथ होटल, परिवहन और बाजार को भी लाभ मिल सकता है।

शासन स्तर पर चल रही पहल

दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह उर्फ बब्बू भइया ने बताया कि तहसील क्षेत्र में वन विभाग की पर्याप्त जमीन उपलब्ध है। लेपर्ड सफारी और डियर पार्क के प्रस्ताव शासन को भेजे गए हैं।

यह बड़ा प्रोजेक्ट है, जिसमें पर्याप्त धनराशि और समय लगेगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में प्रमुख सचिव से भी बातचीत हुई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे के बाद अन्य घोषणाएं भी हो सकती हैं।

 

दातागंज में लेपर्ड सफारी बनाने का प्रयास चल रहा है। इस संबंध में क्षेत्रीय विधायक से भी बात हुई है। उनके प्रयास से लेपर्ड सफारी बनाने का प्रस्ताव भेजा गया है। यह बड़ी कार्य योजना है। इससे क्षेत्र का बड़ा विकास होगा और लोगों को भी फायदा होगा।

- पिनाकी प्रसाद सिंह, मुख्य वन संरक्षक बरेली मंडल, बरेली


यह भी पढ़ें- बदायूं में बनेगा एक और नया रोडवेज बस अड्डा, बाईपास पर जमीन चिह्नित; शहरवासियों को जाम से मिलेगी मुक्ति