विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

‘जाको राखे साइयां…’ वाली कहावत की लाइव तस्वीर, दो बसों के बीच में फंसा साइकिल सवार बाल-बाल बचा

Published: Mon, 21 Sep 2026 08:27 PM (IST)

बदायूं के रोडवेज बस स्टैंड पर दो बसों की होड़ में एक साइकिल चालक फंस गया, जिसे लोगों ने बचा ...और पढ़ें

HighLights

  1. बदायूं में दो बसों के बीच फंसा साइकिल सवार।

  2. लोगों ने शोर मचाकर बचाई साइकिल चालक की जान।

  3. बस चालकों की लापरवाही से हुआ यह हादसा।

जागरण संवाददाता, बदायूं। रोडवेज बस स्टैंड के पास रविवार को एक बड़ा हादसा होने से बच गया। दो रोडवेज बसों के बीच आगे निकलने की होड़ में एक साइकिल चालक फंस गया। रगड़ लगने से वह चीख पड़ा।

मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाकर दोनों बसों को रुकवाया, तब जाकर उसकी जान बच सकी। इस घटना से ‘जाको राखे साइयां मार सके न कोय’ वाली कहावत जीवंत हो गई। हालांकि, इस घटना में दोनों बस चालकों की लापरवाही सामने आई है।

यह है पूरी घटना

शहर के मथुरिया चौक निवासी साइकिल सवार प्रमोद पन्नी यानि पालीथिन बेचने का काम करते हैं। रविवार दोपहर वह रोडवेज चौराहे से गुजर रहे थे। इसी दौरान रोडवेज चौराहे से दो बसें निकल रही थीं। प्रमोद दोनों बसों के बीच आ गए और बसों की बाडी से रगड़ खा गए। इससे प्रमोद ने शोर मचाना शुरू कर दिया।

आसपास खड़े लोगों ने जब उन्हें फंसा देखा तो चालकों को आवाज देकर बसें रुकवाईं। अगर लोग समय रहते शोर न मचाते तो प्रमोद दोनों बसों के बीच बुरी तरह कुचल सकते थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस अड्डे पर अक्सर चालक लापरवाही से बसें चलाते हैं।

अक्सर तेज रफ्तार में बसों को निकाला जाता है, जिससे इस तरह के हादसे का खतरा बना रहता है। गनीमत रही कि प्रमोद की जान बच गई और उन्हें मामूली खरोंच ही आई। लेकिन साइकिल क्षतिग्रस्त हो गई, बाद में दोनों बसें वहां से चली गईं।

रोडवेज बस स्टैंड पर मनमानी करते चालक

रोडवेज बस स्टैंड के पास आगे निकलने को लेकर चालक मनमानी करते हैं। इन चालकों की वजह से ही रोडवेज चौराहा सुबह से शाम तक जाम रहता है। रोडवेज बसों को आंबेडकर पार्क जाने वाले मार्ग और पुलिस लाइंस चौराहे की ओर जाने वाले मार्ग पर खड़ा करने के बाद यह चालक सवारी का इंतजार करते रहते हैं। इसके बाद जब दूसरी बस बढ़ती है, वैसे ही आगे निकलने की कोशिश में दौड़ा देते हैं। रविवार को हुआ हादसा भी उसी का नतीजा है।

यह भी पढ़ें- शिमला बस स्टैंड की लिफ्ट में फंस गए 10 लोग, कड़ी मशक्कत के बाद प्लास्टिक शीट तोड़कर निकाले

यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा के लिए काम की खबर: अब परी चौक पर जाम से मिलेगी मुक्ति, पार्क में बनेगा आधुनिक बस स्टैंड