शिमला बस स्टैंड की लिफ्ट में फंस गए 10 लोग, कड़ी मशक्कत के बाद प्लास्टिक शीट तोड़कर निकाले
शिमला के टूटीकंडी बस अड्डे पर लिफ्ट में तकनीकी खराबी के कारण 10 लोग 20 मिनट तक फंसे रहे, जिन्हें प्लास्टिक शीट तोड़कर सुरक्षित बाहर निकाला गया।

शिमला बस स्टैंड में लिफ्ट में फंसे लोगों को रेस्क्यू करते हुए। जागरण
HighLights
शिमला बस अड्डे की लिफ्ट में 10 लोग फंसे।
तकनीकी खराबी के कारण 20 मिनट तक फंसे रहे।
प्लास्टिक शीट तोड़कर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश में शिमला के अंतरराज्यीय बस अड्डा टूटीकंडी में रविवार को लिफ्ट में तकनीकी खराबी आने से 10 लोग अंदर 20 मिनट तक फंसे रहे। लिफ्ट के बीच में रुकने की सूचना मिलते ही मौके पर हड़कंप मच गया। लिफ्ट के अंदर मौजूद लोगों में घबराहट का माहौल बन गया और बाहर खड़े लोग भी उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए प्रयास करने लगे।
काफी प्रयास के बाद जब लिफ्ट को सामान्य तरीके से नहीं खोला जा सका तो लोगों को बाहर निकालने के लिए लिफ्ट में लगी प्लास्टिक की शीट को तोड़ा गया।
इसके बाद अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहत की बात रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
लोगों में था आक्रोश
लोगों ने संबंधित विभाग से लिफ्ट की तकनीकी खराबी की जांच करवाने और इसे पूरी तरह दुरुस्त करने की मांग की है। साथ ही भविष्य में आपात स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था और बचाव के इंतजामों को भी मजबूत करने की मांग उठाई गई।
लोअर बाजार में हादसा टला, एक तरफ झुका बिजली का खंभा
उधर, शिमला के लोअर बाजार में रविवार को उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब बिजली का एक खंभा अचानक एक तरफ झुक गया। खंभे के झुकने से आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि खंभा पूरी तरह सड़क पर नहीं गिरा और इसकी चपेट में कोई व्यक्ति या वाहन नहीं आया। घटना के बाद लोगों ने संबंधित विभाग को इसकी सूचना दी। लोगों ने मांग की है कि झुके हुए खंभे को जल्द सुरक्षित किया जाए।
