विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शादी के जश्न ने ली जान: बरात के जाम में 1 घंटे तक फंसी रही एंबुलेंस, अस्पताल पहुंचने से पहले महिला की मौत

Published: Sat, 28 Nov 2026 01:18 PM (IST)

बदायूं में एक शादी समारोह के दौरान बरात के जाम में एंबुलेंस फंसने से एक महिला की जान चली गई। पति ने मैरिज लॉन संचालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है।

बरेली-बदायूं मार्ग पर लगे जाम में फंसे वाहन का सीसीटीवी फुटेज। स्रोत स्वजन

बरेली-बदायूं मार्ग पर लगे जाम में फंसे वाहन का सीसीटीवी फुटेज। स्रोत स्वजन

HighLights

  1. लीवर की बीमारी से पीड़ित पत्नी को लेकर बरेली जा रहा था पति, मैरिज लान संचालक को ठहराया जिम्मेदार, पुलिस कर रही जांच

संवाद सूत्र, सिलहरी (बदायूं)। शादी समारोह में बरात चढ़ने के दौरान सड़क पर डीजे की धुन पर नाचते बारातियों के कारण लगे जाम में एक महिला की जान चली गई। गंभीर हालत में पत्नी को लेकर बरेली जा रहे पति की एंबुलेंस करीब एक घंटे तक जाम में फंसी रही। आरोप है कि समय से अस्पताल नहीं पहुंच पाने के कारण महिला को बचाया नहीं जा सका।

बरेली के हायर सेंटर पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पति ने मैरिज लान संचालक को घटना के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए पुलिस से शिकायत की है।

घटना थाना सिविल लाइंस क्षेत्र में बदायूं-बरेली मार्ग की है। मृतका के पति भूपेंद्र के मुताबिक, उनकी पत्नी किरन लीवर की बीमारी से पीड़ित थीं। बरेली के प्रेमनगर स्थित एक हायर सेंटर में उनका उपचार चल रहा था।

गुरुवार शाम करीब साढ़े आठ बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। इस पर उन्होंने निजी एंबुलेंस बुलवाई और पत्नी को लेकर बरेली रवाना हुए। रात करीब नौ बजे प्रसाद मंदिर के पास पहुंचे तो एंबुलेंस जाम में फंस गई।

पुरानी चुंगी स्थित पर्ल मैरिज लान में शादी समारोह के दौरान बरात चढ़ रही थी। डीजे पर नाचते बारातियों के कारण सड़क पर आवागमन बाधित हो गया था।

भूपेंद्र का आरोप है कि प्रसाद मंदिर से शहीद भगत सिंह पुलिस चौकी तक वाहनों की लंबी कतार लगी थी। करीब एक घंटे तक एंबुलेंस जाम से नहीं निकल सकी।

पत्नी की हालत लगातार बिगड़ रही थी और उन्हें तत्काल उपचार की जरूरत थी। काफी देर बाद रास्ता मिलने पर वह बरेली पहुंचे, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।

चिकित्सकों ने किरन को मृत घोषित कर दिया। पति का कहना है कि समय से अस्पताल पहुंच जातीं तो शायद उनकी जान बच सकती थी। भूपेंद्र ने आरोप लगाया कि मैरिज लॉन में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं है। समारोहों के दौरान सड़क पर वाहन खड़े होने और बारात चढ़ने से अक्सर जाम लगता है। उन्होंने संचालक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

चौकी प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि बारात चढ़ने के दौरान मैरिज लान से चौकी तक करीब ढाई घंटे जाम रहा। वह स्वयं मौके पर जाम खुलवाने में जुटे थे। एंबुलेंस में महिला की मौत के संबंध में शिकायत मिली है। मामले की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें- गांव की चौखट से देशभर के बाजार तक: अब अमेजन-फ्लिपकार्ट पर चमकेंगे बदायूं की महिलाओं के हुनर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।