अजब गजब कारनामा: यूपी में सफाईकर्मी ने खुद के साइन से निकाल दिए 1.44 करोड़ के टेंडर, खंभों से दोगुनी खरीद लीं लाइटें
अलापुर नगर पंचायत में एक सफाईकर्मी ने 1.44 करोड़ रुपये के टेंडर खुद ही जारी कर दिए, जिसमें खंभों से दोगुनी लाइटें खरीदने का प्रस्ताव था। इस अनियमितता पर पूर्व अध्यक्ष की शिकायत के बाद डीएम ने जांच के आदेश दिए हैं।

एआई इमेज
HighLights
ईओ बोले-मेरे पास वित्तीय अधिकार नहीं, पंचायत अध्यक्ष ने की टेंडर निरस्त करने की मांग
जागरण संवाददाता, बदायूं। अलापुर नगर पंचायत के सफाई कर्मचारी ने 1.44 करोड़ रुपये के टेंडर निकाल दिए। उसने कस्बे में खंभों से ज्यादा बिजली उपकरणों का प्रस्ताव बना दिया। टेंडर जारीकर्ता के रूप में अपने हस्ताक्षर कर दिए, जबकि यह कार्य प्रशासनिक अधिकारी के पास होता है। नगर पंचायत की बर्खास्त अध्यक्ष हुमा बी ने इसे धांधली बताते हुए डीएम अवनीश राय से शिकायत की।
गुरुवार को उन्होंने एडीएम को जांच सौंप दी। आरंभिक तौर पर माना जा रहा कि ईओ के पास वित्तीय अधिकार नहीं होने पर सफाई कर्मचारी ने टेंडर जारी कर दिए, जो बतौर बाबू काम देखता है।
अलापुर नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी (ईओ) का स्थानान्तरण होने के बाद कुछ दिन तैनाती नहीं हुई थी। इसके बाद 14 नवबर को बदायूं शहर के ईओ विनय कुमार मणि त्रिपाठी को अलापुर का चार्ज भी दे दिया गया।
नगर पंचायत की अध्यक्ष रहीं हुमा बी को अगस्त में बर्खास्त किया जा चुका, मामला हाईकोर्ट में है। उन्होंने बताया कि 20 नवंबर को सफाई कर्मचारी भानुप्रकाश के हस्ताक्षर से तीन टेंडर जारी किए गए, जिन्हें भरने की अंतिम तारीख 30 नवंबर एवं खुलने की तिथि एक दिसंबर रखी गई।
पहले टेंडर में 51.25 लाख से 500 लाइटें, दूसरे टेंडर में 61.50 लाख से 600 लाइटें जबकि तीसरे में 30.90 लाख रुपये से बिजली के तार की खरीद रखी गई।
हुमा बी का आरोप है कि भानुप्रकाश सफाई व्यवस्था के बजाय टेंडर जारी कर रहे, जबकि यह कार्य ईओ या वरिष्ठ लिपिक का होता है। इन तीनों टेंडर का प्रस्ताव बोर्ड से पास नहीं हुआ, डीएम से भी अनुमति नहीं ली गई।
कस्बा के 500 खंभों में 350 पर पहले से लाइटें जल रहीं। नये खंभे 170 हैं। ऐसे में खंभों से ज्यादा 1100 नई लाइटों का टेंडर क्यों जारी किया गया, इसकी जांच हो।
केंद्रीय लोक निर्माण विभाग की दर पर एक लाइट 8,850 रुपये की है, जबकि पंचायत के टेंडर में इसकी कीमत 10,250 रुपये रखी गई। उन्होंने डीएम से मांगी की कि तीनों निविदाएं रद कर सफाई कर्मचारी की भूमिका की जांच की जाए।
नगर पंचायत कार्यालय में चर्चा रही कि सफाई कर्मचारी भानुप्रकाश काफी समय से लिपिकीय कार्य कर रहे। पूर्व में ईओ उन्हीं से टेंडर आदि के कागज तैयार कराते थे।
14 नवंबर को चार्ज लेने वाले ईओ विनय कुमार मणि त्रिपाठी ने कहा कि उन्हें तत्कालिक रूप से जनगणना का कार्य दिया गया है, अभी वित्तीय अधिकार नहीं मिले हैं। सफाई कर्मचारी ने अपने हस्ताक्षर से टेंडर कैसे जारी कर दिए, यह जांच में पता चलेगा।
सफाई कर्मचारी के हस्ताक्षर से टेंडर जारी होने का मामला संज्ञान में आया है। इसकी जांच एडीएम प्रशासन को सौंपी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई तय होगी।
- अवनीश राय, डीएम
यह भी पढ़ें- ककोड़ा मेला शुरू होते ही सुनसान होने लगा शहर और गांव, बदायूं में घरों पर लटक रहे ताले
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।