ककोड़ा मेला शुरू होते ही सुनसान होने लगा शहर और गांव, बदायूं में घरों पर लटक रहे ताले
बदायूं में प्रसिद्ध ककोड़ा मेला शुरू होते ही शहर और आसपास के गांव सुनसान हो गए हैं, लोग कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए मेले की ओर रवाना हो रहे हैं।

बदायूं के बाजार में खरीदारी करते लोग। (तस्वीर- जागरण)
HighLights
ककोड़ा मेला शुरू होते ही शहर-गांव सुनसान।
कार्तिक पूर्णिमा स्नान हेतु श्रद्धालु मेले की ओर।
सुनसान घरों में चोरी की घटनाएं बढ़ीं, पुलिस अलर्ट।
जागरण संवाददाता, बदायूं। जिले का प्रसिद्ध मिनी कुंभ कहे जाने वाला ककोड़ा मेला शुरू होते ही शहर और आसपास के गांव सुनसान होने लगे हैं। घरों में ताले लटक रहे हैं, दुकानों पर सन्नाटा छाया हुआ है और कभी गुलजार रहने वाली गलियां खाली-खाली नजर आ रही हैं।
मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा है। इस दौरान स्नान का विशेष महत्व होने के कारण श्रद्धालु सोमवार सुबह से ही ककोड़ा की ओर निकलना शुरू हो गए हैं। बाइक, कार, ट्रैक्टर-ट्राली, बस और आटो, जो भी साधन मिला, उसी से लोग मेले की ओर रवाना हो रहे हैं।
कोई दो दिन के लिए जा रहा है तो कोई पूर्णिमा स्नान करके लौट आएगा, लेकिन फिलहाल शहर और ग्रामीण क्षेत्र में सन्नाटा छाना शुरू हो गया है। शहर के मुहल्लों में सुबह से ही हलचल कम दिख रही है। जो लोग रोज सुबह टहलने, दुकान खोलने या काम पर जाते थे, वह भी आज मेले की तैयारी में लगे दिखे।
कई घरों में एक साथ ताले लटके हुए देखे गए। लोगों ने पड़ोसियों को चाबी सौंप दी है और कह दिया है कि दो दिन बाद लौटेंगे। दुकानदारों ने भी अपनी दुकानें जल्दी बंद कर दीं या बोर्ड पर लिखा है कि मेला घूमने गए हैं।
गांव की स्थिति तो और भी साफ दिख रही है। गांव में खेतों में काम करने वाले लोग भी अब मेले की ओर निकल गए हैं। ट्रैक्टर-ट्रालियों में सामान, बिस्तर, बर्तन, राशन और बच्चों के साथ पूरा परिवार रवाना हो चुका है।
गांव की गलियों में बच्चे भी नजर नहीं आ रहे, क्योंकि वो भी माता-पिता के साथ मेले में गए हैं। बुजुर्गों का कहना है कि ककोड़ा मेला उनके लिए सिर्फ मेला नहीं, बल्कि आस्था का बड़ा पर्व है।
शहर के सुनसान इलाकों में चोरी की घटनाएं बढ़ीं
इधर शहर में सन्नाटे के बीच पुलिस अलर्ट होने का दावा कर रही है लेकिन सुनसान घरों को चोर ताके हुए हैं। वह ऐसे ही घरों को निशाना बना रहे हैं। रविवार रात बुद्ध विहार कालोनी में दो घरों को निशाना बना लिया गया। वहां से लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।