आजमगढ़ में जेन अल्फा के प्रदर्शन का दिखा असर, 48 घंटे में शुरू हुई केमिस्ट्री की पढ़ाई
आजमगढ़ के स्मिथ इंटर कॉलेज में जेन अल्फा छात्रों के प्रदर्शन के बाद 48 घंटे में केमिस्ट्री शिक्षक की व्यवस्था ...और पढ़ें

आजमगढ़ में जेन अल्फा छात्रों का प्रदर्शन सफल, 48 घंटे में मिली केमिस्ट्री शिक्षक।
HighLights
स्मिथ इंटर कॉलेज में केमिस्ट्री शिक्षक की मांग पूरी।
छात्रों के प्रदर्शन के 48 घंटे में वैकल्पिक व्यवस्था।
स्थायी शिक्षक के लिए डीआइओएस को अधियाचन भेजा।
जागरण संवाददाता, सगड़ी (आजमगढ़)। जेन अल्फा पीढ़ी के छात्र-छात्राओं की आवाज आखिरकार असरदार साबित हुई। स्मिथ इंटर कालेज अजमतगढ़ में केमिस्ट्री शिक्षक की मांग को लेकर बुधवार को सड़क पर उतरे छात्रों के प्रदर्शन के 48 घंटे के भीतर ही प्रबंध तंत्र ने निजी संसाधनों से वैकल्पिक शिक्षक की व्यवस्था कर दी। इसके साथ ही केमिस्ट्री की पढ़ाई शुरू हो गई।
स्थायी शिक्षक की नियुक्ति के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआइओएस) को अधियाचन भेजा गया है। बुधवार को विद्यालय खुलते ही छात्र-छात्राएं केमिस्ट्री शिक्षक की मांग को लेकर सड़क पर उतर आए थे। विद्यालय का गेट बंद कर प्रबंध तंत्र के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उन्होंने शिक्षक की नियुक्ति की मांग की थी। मामले का जिलाधिकारी ने संज्ञान लेते हुए डीआइओएस को तत्काल समाधान के निर्देश दिए थे।
यह भी पढ़ें : आजमगढ़ में जेन अल्फा हो गए आंदोलित, 48 घंटे का अल्टीमेटम देकर कहा - 'विज्ञान और गणित के वर्षों से नहीं हैं शिक्षक'
प्रधानाचार्य नकुल राव ने बताया कि निर्धारित समय में निजी स्तर पर शिक्षक की व्यवस्था कर दी गई है। पठन-पाठन सुचारू रूप से चल रहा है। उधर, फिजिक्स की सहायक अध्यापक सीमा यादव के प्रसूता अवकाश पर जाने से नई समस्या खड़ी हो सकती है। हालांकि छात्रों के आक्रोश को देखते हुए इसको लेकर भी प्रबंधन तंत्र पूरी तरह से संवेदनशील है। विद्यालय प्रबंधन ने फिजिक्स के लिए भी जल्द वैकल्पिक व्यवस्था करने की बात कही है।
