आजमगढ़ में जेन अल्फा हो गए आंदोलित, 48 घंटे का अल्टीमेटम देकर कहा - 'विज्ञान और गणित के वर्षों से नहीं हैं शिक्षक'
आजमगढ़ के जेन अल्फा (स्मिथ इंटर कॉलेज) के छात्रों ने विज्ञान और गणित के शिक्षकों की कमी को लेकर धरना ...और पढ़ें
HighLights
आजमगढ़ के जेन अल्फा छात्रों का शिक्षकों की कमी पर धरना।
26 साल से विज्ञान, 9 साल से गणित के शिक्षक नहीं।
प्रधानाचार्य के 48 घंटे के आश्वासन पर धरना समाप्त।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़। आंदोलन की आंच से अब आजमगढ़ भी अछूता नहीं है। यहां पर 26 साल से विज्ञान और नौ साल से गणित के शिक्षक नहीं होने से जेन अल्फा के विद्यार्थी शिक्षकों की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। बच्चों के आंदोलन की जानकारी के बाद प्रशासन के भी होश उड़ गए और आनन फानन उनको समझाने बुझाने का प्रयास शुरू हुआ तो 48 घंटे का अल्टीमेटम उन्होंने दिया है।
स्मिथ इंटर कालेज अजमतगढ़ में अध्यापकों की कमी से नाराज छात्र-छात्राओं का आक्रोश फूट पड़ा, मंगलवार को विद्यार्थियों ने विद्यालय गेट पर धरना-प्रदर्शन किया। छात्रों का आरोप है कि विद्यालय में 26 साल से रसायन विज्ञान व भौतिकी और नौ साल से गणित के प्रवक्ता नहीं हैं। इसके बावजूद छात्रों से फीस वसूली जा रही है।
प्रधानाचार्य के 48 घंटे में अध्यापकों की व्यवस्था करने के आश्वासन पर करीब एक घंटे बाद छात्रों ने धरना समाप्त किया। प्रबंधक के मौके पर नहीं पहुंचने से छात्रों ने जमकर नाराजगी व्यक्त की। मंगलवार को विद्यालय खुलते ही सुबह आठ बजे छात्र-छात्राएं गेट पर एकत्र होकर प्रदर्शन करने लगे। सूचना पर जीयनपुर पुलिस पहुंची और छात्रों को समझाने का प्रयास किया।
छात्रों ने कहा कि अध्यापक नहीं आए तो 48 घंटे बाद फिर धरना दिया जाएगा। उनका आरोप है कि विद्यालय में 1100 से अधिक छात्र हैं और नामांकन भी जारी है। अध्यापकों की कमी के बावजूद उनसे निजी शिक्षकों के पढ़ाने के नाम पर 50-50 रुपये अतिरिक्त शुल्क भी लिया जा रहा है। छात्रों ने तत्काल रसायन विज्ञान, भौतिकी और गणित के अध्यापकों की नियुक्ति की मांग की।
