विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आजमगढ़ में जेन जी और अल्‍फा उतरे सड़क पर, मांगी छात्रसंघ चुनाव बहाली, पुल‍िस संग देर तक नोकझोंक

By Saurabh Singh Edited By: Abhishek sharma
Published: Thu, 20 Aug 2026 11:58 AM (IST)

सपा छात्र सभा ने आजमगढ़ में छात्रसंघ चुनाव बहाली और फीस वृद्धि रोकने सहित सात मांगों को लेकर विरोध मार्च ...और पढ़ें

आजमगढ़ में सपा छात्रों का प्रदर्शन, छात्रसंघ चुनाव बहाली और फीस वृद्धि पर रोक की मांग।

आजमगढ़ में सपा छात्रों का प्रदर्शन, छात्रसंघ चुनाव बहाली और फीस वृद्धि पर रोक की मांग।

HighLights

  1. सपा छात्र सभा ने आजमगढ़ में विरोध मार्च निकाला।

  2. छात्रसंघ चुनाव बहाली और फीस वृद्धि रोकने की मांग।

  3. पुलिस ने छात्रों को रोका, एडीएम को सौंपा ज्ञापन।

जागरण संवाददाता, आजमगढ़। छात्रसंघ चुनाव बहाल कराने, मनमानी फीस वृद्धि पर रोक लगाने समेत सात मांगों को लेकर सपा छात्र सभा के सदस्यों ने गुरुवार को विरोध मार्च निकाला। कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपने जा रहे छात्रों को पुलिस ने रास्ते में रोक दिया। इसे लेकर छात्रों और पुलिस के बीच करीब आधे घंटे तक नोकझोंक हुई।

छात्रों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। एहतियातन मौके पर कई थानों की पुलिस तैनात रही। छात्र कलेक्ट्रेट तक जाने की मांग पर अड़े थे, जबकि पुलिस उन्हें आगे जाने की अनुमति नहीं दे रही थी। पुलिस का कहना था कि सड़क पर प्रदर्शन से आवागमन प्रभावित हो रहा है और आम लोगों को परेशानी हो रही है। काफी देर तक दोनों पक्षों में बहस होती रही।

हालांक‍ि बाद में एडीएम वित्त एवं राजस्व गंभीर सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्रों को समझाया, जिसके बाद छात्र शांत हुए और उन्हें ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन देने के बाद छात्र वापस लौट गए। ज्ञापन में प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों व महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव तत्काल बहाल कराने और मनमानी फीस वृद्धि पर रोक लगाने की मांग की गई।

पूर्व में बढ़ाई गई फीस की समीक्षा कर विद्यार्थियों को राहत देने की मांग भी उठाई गई। इसके अलावा जौहर यूनिवर्सिटी के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई बंद करने तथा महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय (एमएसडीयू) से संबद्ध महाविद्यालयों में प्रशासन की मनमानी रोकने की मांग की गई।

छात्रों ने विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने और फीस, छात्रवृत्ति व शिक्षा से जुड़ी शिकायतों की समयबद्ध सुनवाई की व्यवस्था करने की मांग की। ज्ञापन में इंजी. अभिषेक यादव, प्रदीप यादव, हुरेर शेख, शिव गोविंदान विवेक माधव, सबनम खातून सहित अन्य के नाम शामिल हैं।