विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आजमगढ़ के नवोदय स्कूल में मेस कर्मी से छेड़छाड़ पर Gen Alpha का फूटा गुस्सा, हॉस्टल का गेट बंद कर किया प्रदर्शन

Published: Wed, 07 Oct 2026 12:58 PM (GMT+05:30)

जवाहर नवोदय विद्यालय सगड़ी, आजमगढ़ में मेस कर्मी से छेड़छाड़ के आरोपी पर कार्रवाई न होने से नाराज छात्राओं ने छात्रावास में खुद को बंद कर लिया।

HighLights

  1. छात्राओं ने मेस कर्मी से छेड़छाड़ पर कार्रवाई न होने का विरोध किया।

  2. लगभग 100 छात्राओं ने छात्रावास का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया।

  3. छात्राएं जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ी हुई हैं।

जागरण संवाददाता, आजमगढ़। जवाहर नवोदय विद्यालय सगड़ी में मेस की महिला कर्मी से छेड़छाड़ के आरोपित पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज जेन अल्फा पीढ़ी की छात्राओं ने अपने तरीके से विरोध दर्ज करा रहीं है। 90 से 100 छात्राओं ने बुधवार सुबह छात्रावास का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया।

छात्राएं जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गईं। सुबह करीब सात बजे से अधिकारी और विद्यालय के शिक्षक छात्राओं को समझाने में जुटे हैं, लेकिन छात्राएं अपनी मांग से पीछे हटने को तैयार नहीं हैं।

मेस में काम करने वाली महिला कर्मी ने करीब 15 दिन पहले मेस के वार्डन पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए जीयनपुर कोतवाली में तहरीर दी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही थी। बाद में प्रधानाचार्य की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौता हो गया। इसके बाद विद्यालय प्रशासन ने महिला कर्मी की ड्यूटी छात्राओं के छात्रावास में लगा दी।

मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी

छात्राओं का आरोप है कि छेड़छाड़ के मामले में आरोपित के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई। उनका यह भी आरोप है कि प्रधानाचार्य और पुलिस आरोपित को बचाने का प्रयास कर रहे हैं। महिला कर्मी के समर्थन में छात्राओं ने छात्रावास का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग शुरू कर दी।

प्रधानाचार्य शशिकांत राय ने छात्राओं को लिखित आश्वासन दिया कि उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। साथ ही महिला मेस कर्मी को भी विद्यालय से नहीं हटाया जाएगा। इसके बावजूद छात्राएं दरवाजा खोलने को तैयार नहीं हुईं।

सूचना पर उपजिलाधिकारी सगड़ी संजीव कुमार, एसडीएम लालगंज नेहा और क्षेत्राधिकारी लालगंज आस्था जायसवाल मौके पर पहुंचीं। अधिकारी छात्राओं को समझाने में जुटे हैं। महिला कर्मी को अलग कमरे में ले जाकर अधिकारियों ने उससे भी बातचीत की। छात्रावास के बाहर शिक्षक और अधिकारी छात्राओं से लगातार संवाद कर रहे हैं।

पिछले माह भी व्यवस्था के खिलाफ उठी थी आवाज

करीब एक माह पहले स्मिथ इंटर कॉलेज में शिक्षकों की कमी को लेकर छात्र छात्राओं ने जमकर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के बाद विद्यालय प्रबंधन ने शिक्षकों की वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ी थी।

यह भी पढ़ें- आजमगढ़ में शराब की दुकान पर 25 रुपये के लेनदेन में युवक को पीटकर मार डाला