आजमगढ़ में शराब की दुकान पर 25 रुपये के लेनदेन में युवक को पीटकर मार डाला
आजमगढ़ के बलरामपुर में शराब की दुकान के पास 25 रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक युवक ...और पढ़ें

आजमगढ़ में 25 रुपये के विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, पुलिस जांच जारी।
HighLights
आजमगढ़ में 25 रुपये के लेनदेन पर युवक की हत्या।
शराब की दुकान के पास विवाद में लाठी-डंडों से पीटा।
पुलिस ने एक नामजद सहित छह अज्ञात पर केस दर्ज।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के बलरामपुर में शनिवार रात शराब की दुकान के पास चना, पानी और गिलास के 25 रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में युवक की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई। युवक अपने चचेरे भाई के साथ शराब पीने पहुंचा था। कहासुनी के दौरान दुकानदार ने फोन कर कई साथियों को बुला लिया।
आरोप है कि सभी ने मिलकर युवक और उसके चचेरे भाई को पीट दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के चाचा की तहरीर पर एक नामजद समेत छह अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बिजरवां गांव निवासी 35 वर्षीय दुर्गेश चौबे उर्फ राजन आटो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था।
शनिवार रात करीब नौ बजे वह अपने चचेरे भाई 28 वर्षीय शुभम चौबे के साथ बलरामपुर तिराहे के पास शराब की दुकान पर पहुंचा था। शुभम के अनुसार दोनों ने शराब खरीदी और दुकान के पास सामान बेच रहे शेखपुरा निवासी विजय चौहान से चना, पानी और गिलास लिया। 25 रुपये के लेनदेन को लेकर विजय से कहासुनी हो गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर विजय ने फोन कर अपने साथियों को बुला लिया। इसके बाद सभी ने लाठी-डंडे से दुर्गेश पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे शुभम को भी पीटकर घायल कर दिया। हमलावरों के भागने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से शुभम दुर्गेश को आटो से जिला अस्पताल ले गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शहर कोतवाल यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि मृतक के चाचा हरिराम चौबे की तहरीर पर विजय चौहान और छह अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपितों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
