आजमगढ़ में पत्नी को कैंसर से बचाने की जंग लड़ रहा था पति, हादसे में उजड़ गया परिवार
आजमगढ़ के एक परिवार पर उस समय दुखों का पहाड़ टूट पड़ा जब कैंसर पीड़ित पत्नी को दिल्ली से घर लाते समय गंगा एक्सप्रेस-वे पर उनकी कार ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। इस भीषण हादसे में पति, इकलौते बेटे और साले की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल है।
-1795931871805_m.webp)
HighLights
पति, इकलौते बेटे, साले की सड़क हादसे में मौत।
कैंसर पीड़ित पत्नी दिल्ली से घर लौटते समय गंभीर घायल।
गंगा एक्सप्रेस-वे पर ट्रैक्टर-ट्रॉली से कार की भीषण टक्कर।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़। जिंदगी पहले से ही कठिन इम्तिहान ले रही थी। पत्नी कैंसर से जूझ रही थी और पति उसे बचाने की हर संभव कोशिश में जुटा था। उसे उम्मीद थी कि दिल्ली के कैंसर अस्पताल में बेहतर उपचार से पत्नी की जिंदगी बच जाएगी। लेकिन चिकित्सकों ने पत्नी की बीमारी अंतिम अवस्था में बताते हुए घर ले जाकर सेवा करने की सलाह दी।
शुक्रवार की रात घर लौटते समय गंगा एक्सप्रेस-वे पर गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्राली से कार की भीषण टक्कर हो गई। एक झटके में परिवार की खुशियां उजड़ गईं। हादसे में पति, इकलौते बेटे और साले की मौत हो गई, जबकि कैंसर पीड़ित पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। मुबारकपुर के पुरुषोत्तमपुर गांव निवासी 40 वर्षीय पंचनारायण सिंह उर्फ अजय अपनी पत्नी शैलेश और 10 वर्षीय पुत्र पीयूष के साथ दिल्ली में रहते थे।
उनका साला जीयनपुर क्षेत्र के बेरमा गांव निवासी 35 वर्षीय राजकुमार और साढू महराजगंज थाना क्षेत्र निवासी 40 वर्षीय मनोज सिंह भी दिल्ली में रहते थे। सभी दिल्ली में मजदूरी कर अपनी जीविका चलाते थे, पंचनारायण के पिता ने बताया कि, शैलेश को काफी समय से कैंसर था और दिल्ली स्थित किसी कैंसर अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। शुक्रवार को पंचनारायण की पत्नी को चिकित्सकों ने बीमारी अंतिम अवस्था में बताते हुए घर ले जाकर देखभाल करने की सलाह दी।
इसके बाद पंचनारायण पत्नी शैलेश, बेटे पीयूष, साले राजकुमार और साढ़ू मनोज के साथ कार से अपने पैतृक घर लौट रहे थे। कार मनोज सिंह चला रहे थे। शुक्रवार की रात शामली जनपद के बहजोई थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेस-वे पर टोल संख्या 112 के पास उनकी कार आगे चल रही गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद कार चला रहे मनोज मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और यूपीडा के कर्मचारियों ने घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने पंचनारायण सिंह, उनके इकलौते बेटे पीयूष और साले राजकुमार को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल शैलेश को उपचार के लिए भर्ती कराया गया। घटना की खबर मिलते ही स्वजन में चीख-पुकार मच गई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।