आजमगढ़ में दिव्यांगों से गांजा तस्करी कराने वाले गिरोह का सरगना गिरफ्तार
आजमगढ़ पुलिस ने दिव्यांगों का इस्तेमाल कर गांजा तस्करी करने वाले गिरोह के सरगना बृजेश राजभर उर्फ धरमू को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 52 किलोग्राम से अधिक गांजा बरामद हुआ है, जिसकी कीमत 26 लाख रुपये बताई जा रही है।

आजमगढ़ में दिव्यांगों से गांजा तस्करी कराने वाले गिरोह का सरगना बृजेश राजभर गिरफ्तार।
HighLights
दिव्यांगों से गांजा तस्करी कराने वाला सरगना गिरफ्तार।
आजमगढ़ पुलिस ने 52 किलो से अधिक गांजा पकड़ा।
गिरोह के आठ दिव्यांग तस्करों की पहचान हुई।
जागरण संवाददाता, आजमगढ़। जहानागंज थाना की पुलिस ने दिव्यांगों से गांजा तस्करी कराने वाले गिरोह के सरगना बृजेश राजभर उर्फ धरमू निवासी जानकीपुरम थाना तहबरपुर को गिरफ्तार किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक ने बताया कि आपरेशन त्रिशूल के तहत मिली जानकारी के बाद जहानागंज थाना की पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने आरोपित को बृजेश को ग्राम सीही स्थित निर्माणाधीन बाउंड्री और बबूल के पेड़ के बाइक के साथ दबोच लिया।
तलाशी में उसके पास से पांच बंडलों में रखा 52.607 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 26 लाख रुपये है। आरोपित ने पूछताछ में बताया कि वह गांजे के बंडल एक व्यक्ति को देने पहुंचा था, जिसके बदले उसे रुपये मिलने थे। पुलिस टीम ने गिरोह के लिए गांजे की तस्करी करने वाले आठ दिव्यांगों को भी चिह्नित किया है।