अयोध्या में रसमलाई में मिले कीड़े, वीडियो वायरल होने पर खाद्य विभाग ने की कार्रवाई
रुदौली (अयोध्या) के रामनरेश मिष्ठान भंडार में रसमलाई में कीड़े मिलने का वीडियो वायरल होने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ...और पढ़ें
HighLights
रुदौली के रामनरेश मिष्ठान भंडार में रसमलाई में कीड़े मिले।
वीडियो वायरल होने पर खाद्य विभाग ने प्रतिष्ठान पर छापा मारा।
गंदगी मिलने पर रबड़ी, छेना, लड्डू, रसमलाई के नमूने लिए।
संवाद सूत्र, जागरण, रुदौली (अयोध्या)। भेलसर चौराहा स्थित चर्चित रामनरेश मिष्ठान भंडार में परोसी गई रसमलाई में कीड़े मिलने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद बुधवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने प्रतिष्ठान पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मिठाई बनाने वाले स्थान पर गंदगी मिलने की बात सामने आई, जिस पर खाद्य विभाग के अधिकारियों ने नाराजगी जताई।
टीम की कार्रवाई से होटल कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। मामला सोमवार की रात का बताया जा रहा है। सीवन- वाजिदपुर निवासी फैसल के मुताबिक वह चार अन्य लोगों के साथ रामनरेश मिष्ठान भंडार के प्रतिष्ठान पर रसमलाई खाने आये थे, रसमलाई का सेवन करने के दौरान उसमें बिलबिलाते कीड़े दिखाई दिए। घटना के बाद मौके पर शिकायत की गई।
आरोप है कि शिकायत करने के बावजूद होटल संचालक दिनेश कुमार साहू की ओर से संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई। फैसल का कहना है कि संचालक ने उनसे कहा कि जो कुछ करना हो कर लो। इसके बाद फैसल ने रसमलाई में मिले कीड़े का वीडियो बना लिया जिसे मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। मामले की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी गई है।
रसमलाई में कीड़े मिलने का वीडियो वायरल होने के बाद बुधवार दोपहर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम रामनरेश मिष्ठान भंडार पहुंची। सहायक खाद्य आयुक्त देवाशीष उपाध्याय के नेतृत्व में क्षेत्रीय खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुमित चौधरी और अजय मौर्या समेत टीम ने प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया।
यह भी पढ़ें- अयोध्या राम मंदिर वेबसाइट की सुरक्षा हुई फुलप्रूफ, अब लॉगिन के लिए 'टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन' लागू
कार्रवाई के दौरान रसमलाई से लेकर लड्डू तक कुछ मिठाइयों को हटाते अथवा फेंकते हुए कर्मचारी नजर आए। इस घटनाक्रम ने मौके पर मौजूद लोगों का ध्यान खींचा। सहायक खाद्य आयुक्त देवाशीष उपाध्याय के अनुसार रबड़ी, छेना, लड्डू और रस मलाई के चार-चार नमूने जांच के लिए लिए गए हैं।
