सोशल मीडिया और पुलिस की सक्रियता ने संजय को अपनों से मिलाया, दो साल तक परिवार से था दूर
मध्य प्रदेश के संजय सिंह को दो साल बाद इंटरनेट मीडिया और पुलिस की सक्रियता से उनके परिवार से मिलाया गया।
-1789580290383_m.webp)
HighLights
संजय सिंह दो साल पहले मध्य प्रदेश से भटक गए थे।
इंटरनेट मीडिया और पुलिस की सक्रियता से परिवार से मिले।
अयोध्या पुलिस ने मध्य प्रदेश के स्वजनों को रुदौली बुलाया।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। अपनों से बिछड़े मध्य प्रदेश के युवक को इंटरनेट मीडिया पर उठी आवाज और पुलिस की सक्रियता से आखिरकार दो साल बाद उसका परिवार मिल गया। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र के बुचकी गांव निवासी संजय सिंह पुत्र हरबंश भटक कर रुदौली पहुंच गए थे।
मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण वह अपने घर का पता बताने और वापस लौटने की स्थिति में नहीं थे। सोशल मीडिया पर मामला सामने आने के बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाई और प्रयासों के बाद उनके स्वजन रुदौली पहुंचे।
बुधवार को संजय को सकुशल उनके परिवार के साथ गांव भेज दिया गया। बताया गया कि संजय सिंह भटकते हुए रुदौली क्षेत्र में पहुंच गए थे। इस बीच भाजपा के जिला प्रतिनिधि पवन राजपूत ने इंटरनेट मीडिया के माध्यम से मामले को उठाया और पुलिस अधिकारियों से संपर्क किया।
भेलसर चौकी प्रभारी युवराज सिंह ने बताया कि भाजपा जिला प्रतिनिधि पवन राजपूत ने इंटरनेट मीडिया पर संजय के संबंध में आवाज उठाई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक प्रयास शुरू किए।
क्षेत्राधिकारी रुदौली अरविंद सोनकर और प्रभारी निरीक्षक रुदौली संजय मौर्य के निर्देशन में पुलिस ने परिवार तक सूचना पहुंचाने और उन्हें रुदौली बुलाने के लिए प्रयास किए।
पुलिस की सक्रियता और इंटरनेट मीडिया के माध्यम से मिली जानकारी के बाद संजय के स्वजन मध्य प्रदेश से रुदौली पहुंचे। पहचान और आवश्यक औपचारिकताओं के बाद संजय को उनके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया।
