पशुओं की सेहत पर 24 घंटे नजर रखेगा गले में बंधा 'स्मार्ट कॉलर', सीधे डॉक्टर के मोबाइल पर पहुंचेगा अलर्ट
पशुओं की सेहत पर 24 घंटे नजर रखने के लिए अब स्मार्ट कॉलर तकनीक का इस्तेमाल होगा, जो बीमारी के शुरुआती लक्षण पहचानकर सीधे पशु चिकित्सक को अलर्ट भेजेगा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
स्मार्ट कॉलर पशुओं की सेहत पर 24 घंटे रखेगा नजर।
बीमारी के शुरुआती लक्षण पर सीधे डॉक्टर को भेजेगा अलर्ट।
प्रजनन क्षमता सुधारने और समय पर इलाज में मिलेगी मदद।
जागरण संवाददाता, रुदौली (अयोध्या)। पशुओं की सेहत की निगरानी और बीमारियों की समय रहते पहचान के लिए अब आधुनिक तकनीक मददगार बनेगी। पशुओं के गले में बांधा जाने वाला स्मार्ट कॉलर बीमारी के शुरुआती लक्षणों को पहचान कर सीधे पशु चिकित्सक के मोबाइल पर अलर्ट भेजेगा। इससे पशुओं का समय रहते उपचार संभव होगा और पशुपालकों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
इस तकनीक की शुरुआत बाराबंकी के जहांगीराबाद स्थित राजकीय पशुधन प्रक्षेत्र से पायलट प्रोजेक्ट के रूप में की जा रही है। योजना सफल होने पर इसे अन्य पशुधन प्रक्षेत्रों के साथ आम पशुपालकों तक भी पहुंचाने की तैयारी है।
स्मार्ट कॉलर में लगे सेंसर पशुओं के शरीर का तापमान, हृदय गति, खानपान, जुगाली और शारीरिक गतिविधियों पर 24 घंटे नजर रखेंगे। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के माध्यम से प्राप्त आंकड़ों का विश्लेषण किया जाएगा।
प्रजनन क्षमता में सुधार लाने में मिलेगी मदद
पशु की सामान्य गतिविधियों में बदलाव अथवा बीमारी के शुरुआती संकेत मिलते ही संबंधित चिकित्सक को मोबाइल पर सूचना मिल जाएगी। इस तकनीक से मादा पशुओं के मदकाल (हीट पीरियड) की पहचान भी आसान होगी। इससे कृत्रिम गर्भाधान के लिए उचित समय का पता चल सकेगा और पशुओं की प्रजनन क्षमता में सुधार लाने में मदद मिलेगी।
प्रत्येक कॉलर को पशु के टैग नंबर से जोड़कर उसका डिजिटल रिकॉर्ड भी तैयार किया जाएगा। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. इंद्रदेव ने बताया कि स्मार्ट कॉलर तकनीक पशुपालन के क्षेत्र में उपयोगी साबित हो सकती है। पशुओं की गतिविधियों और स्वास्थ्य में होने वाले बदलाव की जानकारी समय रहते मिलने से बीमारी की पहचान और उपचार में देरी नहीं होगी।
मदकाल की सटीक जानकारी मिलने से कृत्रिम गर्भाधान की प्रक्रिया भी अधिक प्रभावी ढंग से कराई जा सकेगी। उन्होंने कहा कि इस तरह की तकनीक से पशुपालकों को लाभ मिलेगा और पशुधन के स्वास्थ्य एवं उत्पादकता में सुधार लाने में मदद मिलेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।