विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

टूरिज्म के बाद अब ‘वेडिंग डेस्टिनेशन’ बनी रामनगरी, सात फेरों के बाद रामलला के दर्शन कर रहे नवविवाहित जोड़े

Published: Fri, 20 Nov 2026 10:16 PM (IST)

राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या अब 'टूरिस्ट डेस्टिनेशन' के साथ-साथ 'वेडिंग डेस्टिनेशन' भी बन गई है। दूर-दराज से लोग यहां आकर शादी कर रहे हैं और विवाह के बाद रामलला के दर्शन कर पुण्य कमा रहे हैं।

रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद से श्रद्धालुओं के लिए सेल्फी प्वाइंट बना लता चौक। फोटो- जागरण

रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद से श्रद्धालुओं के लिए सेल्फी प्वाइंट बना लता चौक। फोटो- जागरण

HighLights

  1. राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या बनी वेडिंग डेस्टिनेशन।

  2. दूर-दराज से लोग आकर अयोध्या में कर रहे शादी।

  3. विवाह के बाद रामलला के दर्शन कर रहे नवविवाहित जोड़े।

लवलेश कुमार मिश्र, अयोध्या। जन्मभूमि पर दिव्य-भव्य राम मंदिर निर्माण के बाद ‘टूरिस्ट डेस्टिनेशन’ में बदली अयोध्या की पहचान अब ‘वेडिंग डेस्टिनेशन’ के रूप में भी हो रही है। सुदूर क्षेत्रों या पड़ोस के जिलों में रहने वाले लाेग यहां पहुंच होटलों में शादी रचा रहे और विवाहोपरांत अपने आराध्य रामलला का दर्शन कर पुण्यलाभ भी अर्जित कर रहे हैं।

भगवान श्रीराम की जन्मस्थली होने के कारण रामनगरी में होने वालीं शादियां चिरस्मरणीय भी बनी रहेंगी। इसी कारण यहां के हाेटलों में नवंबर से लेकर फरवरी तक कई विवाह समारोहों की बुकिंग पहले से हो चुकी है।

किसी में दोनों पक्ष दूसरे जिलों या राज्यों के हैं, तो किसी में वधू पक्ष बाहर के तो वर पक्ष यहां के रहने वाले हैं। शादी समारोह ही नहीं, अन्य मांगलिक आयोजनों के लिए भी अयोध्या पसंदीदा स्थल बन गया है।

वैश्विक पहचान स्थापित कर चुकी है रामनगरी

ढाई वर्ष पूर्व दिव्य मंदिर में रामलला के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा होने के उपरांत पर्यटन के क्षितिज पर रामनगरी अपनी वैश्विक पहचान स्थापित कर चुकी है। यहां देश के विभिन्न प्रांतों से ही नहीं, अपितु विदेश से भी पर्यटक व श्रद्धालु रामलला के दर्शन के साथ अन्य पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने पहुंच रहे हैं।

विवाह के लिए भगवान राम की धरती का चयन

यहां अच्छे होटल, रेस्टोरेंट खुलने और सड़क, रेल व वायु मार्ग के बेहतर व सुलभ संसाधन होने से आसपास के जिलों या दूसरे राज्यों के भी लोग वैवाहिक समारोहों के लिए भगवान राम की धरती का चयन कर रहे हैं।

C-439-1-LKO1438-527805

पहले अधिकांशत: स्थानीय लोग ही शहर में विवाह व अन्य मांगलिक आयोजन करते रहे। एक-दो वर्ष से गैर जिला या राज्यों के लोग भी रामनगरी के प्रति आकर्षित हुए हैं। यहां विवाह करने को लेकर दोनों पक्ष की सोच ‘एक पंथ-दो काज’ वाली है। दरअसल, अयोध्या में विवाह करने से एक तो शादी यादगार बनेगी, दूसरे वर-वधू पक्ष रामलला का दर्शन भी कर लेंगे।

रामनगरी में हुई शादी बनेगी यादगार

अगले वर्ष 27 फरवरी को सिविल लाइन स्थित होटल शाने अवध में विवाह करने जा रहे विदेश मंत्रालय में सहायक अनुभाग अधिकारी विशाल तिवारी बताते हैं, वह मूलरूप से सुलतानपुर के रहने वाले हैं। उनके पिता राजेंद्र तिवारी जयपुर में ट्रांसपोर्ट मैनेजर हैं और वधू पक्ष भी राजस्थान के ही हैं। वह लोग जयपुर में भी विवाह कर सकते थे, लेकिन अयोध्या में विवाह करने की अलग अनुभूति होगी। यहां विवाहोपरांत दोनों पक्ष रामलला का दर्शन भी कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें- अयोध्या में आस्था का सैलाब, 50 लाख श्रद्धालुओं ने की पंचकोसी परिक्रमा

यह भी पढ़ें- रामनगरी को काठमांडू से भी जोड़ेगी अयोध्या-जनकपुर एक्सप्रेस, इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।