अयोध्या से जनकपुर का सफर सिर्फ 365 रुपये में: सरयू-कमला एक्सप्रेस का किराया तय, टिकट बुकिंग भी शुरू
Saryu Kamla Express | भारत-नेपाल संबंधों को प्रगाढ़ करने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस का किराया तय हो गया है और इसकी ऑनलाइन बुकिंग भी शुरू हो गई है।

तस्वीर सोर्स- जागरण ग्राफिक्स।
HighLights
सरयू-कमला एक्सप्रेस का किराया तय, ऑनलाइन बुकिंग शुरू हुई।
अयोध्या और जनकपुरधाम के बीच चलेगी यह साप्ताहिक ट्रेन।
भारत-नेपाल के पारंपरिक संबंधों को मिलेगी नई प्रगाढ़ता।
लवलेश कुमार मिश्र, अयोध्या। Saryu Kamla Express | भारत-नेपाल के पारंपरिक संबंधों की प्रगाढ़ता के लिए भारतीय रेलवे की ओर से अयोध्या से जनकपुरधाम के लिए चलाई गई सरयू-कमला एक्सप्रेस (15595/15596) ट्रेन का किराया आइआरसीटीसी (भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम) ने तय कर दिया है।
किराया सूची आइआरसीटीसी की वेबसाइट पर अपलोड होते ही गुरुवार से ही टिकट की आनलाइन बुकिंग भी शुरू हो गई है। यह साप्ताहिक ट्रेन 28 नवंबर से प्रत्येक सोमवार को जनकपुरधाम (नेपाल) स्टेशन से और 30 नवंबर से प्रत्येक शनिवार को अयोध्या कैंट स्टेशन से रवाना होगी।
जनकपुर से यह ट्रेन (संख्या-15595) अपराह्न 13:10 बजे चल कर अगले दिन सुबह 08:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी, जबकि अयोध्या कैंट से यह ट्रेन (संख्या-15596) शाम 17:50 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर में 12:40 बजे जनकपुर पहुंचेगी।
भारतीय रेलवे के निर्देश पर आइआरसीटीसी की ओर से गुरुवार को वेबसाइट पर अपलोड किए गए सरयू-कमला एक्सप्रेस के विवरण के अनुसार इस ट्रेन में स्लीपर श्रेणी में यात्रा करने पर यात्रियों को प्रति व्यक्ति 365 रुपये, वातानुकूलित श्रेणी तीन इकोनामी में 885 रुपये, वातानुकूलित श्रेणी तीन में 965 रुपये और वातानुकूलित श्रेणी दो में 1360 रुपये चुकाना होगा।
ये तस्वीर रेलवे के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स से ली गई है।
यह भी पढ़ें- 19 घंटे में 604 किलोमीटर की दूरी तय करेगी सरयू कमला एक्सप्रेस, भारत-नेपाल के बीच आवागमन होगा सुगम
जनकपुर व अयोध्या से अलग-अलग श्रेणियों का किराया एक समान है। गुरुवार को वेबसाइट पर विवरण अपलोड होने के कुछ घंटे बाद ही टिकटों की आनलाइन बुकिंग भी शुरू हो गई है।
जनकपुर से अयोध्या के टिकट की हुई अधिक बुकिंग
पहले दिन वेबसाइट से अधिकतर यात्रियों ने एसी-दो श्रेणी के टिकट बुक किए हैं। गुरुवार देरशाम दस बजे तक अयोध्या से जनकपुर के लिए स्लीपर श्रेणी के 522, एसी-तीन इकाेनामी के 238, एसी-तीन के 199 और एसी-दो के 91 टिकट ही शेष बचे थे, जबकि जनकपुर से अयोध्या आने के लिए स्लीपर श्रेणी के 368, एसी-तीन इकाेनामी के 166, एसी-तीन के 139 और एसी-दो के 62 टिकट ही शेष थे।
पहले दिन टिकटों की अधिक बुकिंग जनकपुर से अयोध्या आने के लिए हुई है। इससे स्पष्ट है कि नेपाल के दर्शनार्थी भी अयोध्या पहुंच कर राम मंदिर व अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन के इच्छुक हैं।
जनकपुरधाम से अयोध्या कैंट स्टेशन तक- 28 नवंबर से प्रत्येक सप्ताह सोमवार को अपराह्न 13:10 बजे।
अयोध्या कैंट से जनकपुरधाम स्टेशन तक- 30 नवंबर से प्रत्येक सप्ताह शनिवार को शाम 17:50 बजे।
यह भी पढ़ें- अयोध्या से जनकपुर के लिए चली सरयू कमला एक्सप्रेस का सीतामढ़ी में भव्य स्वागत, जय सियाराम के नारों से गूंजा स्टेशन
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।