अयोध्या से जनकपुर के लिए चली सरयू कमला एक्सप्रेस का सीतामढ़ी में भव्य स्वागत, जय सियाराम के नारों से गूंजा स्टेशन
अयोध्या से जनकपुर के लिए चली सरयू कमला एक्सप्रेस का सीतामढ़ी में भव्य स्वागत हुआ, जिसने अवध और मिथिला की संस्कृति को एकाकार किया।

अयोध्या - जनकपुर सरयू कमला एक्सप्रेस ट्रेन के सीतामढ़ी पहुंचने पर स्वागत करते सांसद देवेश चंद्र ठाकुर, सुरसंड विधायक प्रो नागेन्द्र राउत, भाजपा नेता व अन्य
HighLights
सरयू कमला एक्सप्रेस का सीतामढ़ी में भव्य स्वागत किया गया।
अयोध्या-जनकपुर को जोड़कर सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत मजबूत हुई।
यह भारत-नेपाल की पहली अंतरराष्ट्रीय रेल सेवा है।
जागरण संवाददाता, सीतामढ़ी। भगवान श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या से जनकपुर (नेपाल) के लिए चली सरयू कमला एक्सप्रेस ट्रेन मां जानकी की जन्मस्थली सीतामढ़ी पहुंचते ही जय-जय सियाराम के जयकारे ने अवध और मिथिला की संस्कृति को एकाकार कर दिया।
धार्मिक और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूती देने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस का सीतामढ़ी रेलवे स्टेशन पर भव्य स्वागत किया गया। आकर्षक ढंग से सजाई गई ट्रेन रात 12:42 बजे सीतामढ़ी पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ इसका स्वागत किया।
सरयू कमला एक्सप्रेस ट्रेन तीन तीर्थ स्थलों को एकसूत्र में पिरोकर सदियों की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत की एक नया आयाम दे दिया। ट्रेन में सवार लोगों के साथ ट्रेन के गार्ड, लोको पायलट एवं सह पायलट को माला पहनाकर स्वागत किया गया। अयोध्या-जनकपुर सरयू कमला एक्सप्रेस ट्रेन का सांसद देवेश चंद्र ठाकुर, सुरसंड विधायक प्रो नागेन्द्र राउत, भाजपा विधायक व पूर्व मंत्री सुनील कुमार पिंटू, केंद्रीय रेलवे रेलयात्री संघ व कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार सुंदरका, भाजपा कार्यकर्ता व बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल थे।
सांसद देवेश चंद्र ठाकुर ने कहा कि यह पहली अंतरराष्ट्रीय रेल सेवा है, जो भगवान श्रीराम और माता सीता की जन्मस्थली के साथ माता सीता के मायका को सीधे जोड़ रही है। यह केवल रेल सेवा नहीं, बल्कि दो देशों के बीच प्रेम, श्रद्धा और सांस्कृतिक एकता का उपहार है।
कई श्रद्धालु ट्रेन के स्वागत के साथ-साथ यात्रा में शामिल रहे। इधर, यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर रेलवे प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। आरपीएफ और रेल पुलिस के जवान तैनात रहे। ट्रेन को 1:40 बजे जनकपुर के लिए रवाना कर दिया गया।