सीतामढ़ी में सीएसपी संचालक से 1.99 लाख की लूट का दावा, घटना पर पुलिस को संदेह
सीतामढ़ी में बैंक से रुपये निकालकर घर लौट रहे एक सीएसपी संचालक से 1.99 लाख रुपये की लूट हो गई। पुलिस घटना को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है, क्योंकि सूचना देने में देरी हुई और घटनास्थल पर कोई सबूत नहीं मिला।

घटना स्थल पर जुटी पुलिस व स्थानीय लोग।
संवाद सूत्र, सीतामढ़ी। बैंक से रुपये निकालकर घर लौट रहे सीएसपी संचालक को रास्ते में घेरकर लूट की वारदात को अंजाम देने का मामला सामने आया है। रीगा थाना क्षेत्र के भवदेपुर स्थित मिलनमा गाछी के समीप सोमवार दोपहर बाइक सवार तीन हथियारबंद बदमाशों ने एसबीआइ के सीएसपी संचालक से 1.99 लाख रुपये लूट लिए।
मास्क पहने बदमाशों ने हथियार का भय दिखाकर रुपये छीन लिए और हथियार लहराते हुए फरार हो गए। हालांकि, पुलिस घटना के समय और सूचना मिलने में देरी के साथ घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए मामले को प्रथम दृष्टया संदिग्ध मान रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
बैंक से रुपये निकालकर लौट रहे थे संचालक
पीड़ित की पहचान रीगा थाना क्षेत्र के पोसुआ पटनिया गांव निवासी गोपाल कुमार के रूप में हुई है। वह अपने गांव में ही एसबीआइ का ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) संचालित करते हैं। जानकारी के अनुसार, सोमवार को वह बसवरिया चौक स्थित एसबीआइ की मुख्य शाखा से 1.99 लाख रुपये निकालकर घर लौट रहे थे।
मिलनमा गाछी के पास घेरकर लूट
गोपाल कुमार के अनुसार, भवदेपुर स्थित मिलनमा गाछी के समीप बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। तीनों बदमाशों ने चेहरे पर मास्क लगा रखा था। हथियार का भय दिखाकर उनके पास रखे 1.99 लाख रुपये लूट लिए। वारदात के बाद तीनों बदमाश हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
तीन घंटे बाद पुलिस को दी सूचना
सीएसपी संचालक ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर रीगा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। रीगा थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित के अनुसार घटना दोपहर तीन बजे हुई, जबकि पुलिस को इसकी सूचना शाम छह बजे दी गई। सूचना देने में तीन घंटे की देरी हुई है।
सुनसान जगह, सीसीटीवी भी नहीं
थानाध्यक्ष ने बताया कि घटनास्थल सुनसान जगह पर है और वहां सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगे हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर भी घटना के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।