अयोध्या से जनकपुर को जोड़ने वाली 'सरयू कमला एक्सप्रेस' का आज होगा उद्घाटन, PM मोदी दिखाएंगे हरी झंडी
रामनगरी अयोध्या से नेपाल के जनकपुर को जोड़ने वाली सरयू कमला एक्सप्रेस का उद्घाटन आज होगा। प्रधानमंत्री मोदी और नेपाल के पीएम शाह वर्चुअल हरी झंडी दिखाएंगे।

पीएम मोदी
HighLights
सरयू कमला एक्सप्रेस अयोध्या से जनकपुर के लिए आज शुरू होगी।
पीएम मोदी और नेपाल के पीएम शाह वर्चुअल हरी झंडी दिखाएंगे।
यह साप्ताहिक ट्रेन भारत-नेपाल के नागरिकों को यात्रा कराएगी।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। रामनगरी से नेपाल के जनकपुर को जाने वाली सरयू कमला एक्सप्रेस का उद्घाटन सोमवार को होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह नई दिल्ली से दोपहर 12.30 बजे ट्रेन को वर्चुअल हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन साप्ताहिक होगी। सोमवार को पहली बार यह ट्रेन उद्घाटन ट्रेन के रूप में रवाना होगी, जिसमें सीमित लोगों को ही यात्रा कराई जाएगी।
निर्धारित समय सारिणी के अनुसार यह ट्रेन सोमवार को शाम पांच बजकर 50 मिनट पर अयोध्या कैंट से जनकपुर के लिए रवाना होगी। जनकपुर से यह ट्रेन शनिवार को दोपहर एक बजकर दस मिनट पर अयोध्या के लिए प्रस्थान करेगी। इस ट्रेन का ठहराव अयोध्या कैंट, मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शिहसो, मधुबनी, जयनगर और जनकपुर होगा।
अयोध्याधाम जंक्शन पर होगा भव्य कार्यक्रम
अयोध्या से जनकपुर की दूरी 604 किलोमीटर है जिसे यह ट्रेन लगभग 18 घंटे में तय करेगी। इस ट्रेन में भारत एवं नेपाल के नागरिकों को ही यात्रा का अवसर मिलेगा। उद्घाटन अवसर पर सुबह 11 बजे से अयोध्याधाम जंक्शन पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन होगा।
सुरक्षा के साथ-साथ यातायात नियंत्रण के सुदृढ़ प्रबंध किए गए हैं। इसे लेकर रामनगरी में यातायात डायवर्जन भी रहेगा। अयोध्याधाम क्षेत्र में सोमवार को सुबह नौ बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक यातायात डायवर्जन लागू रहेगा।
यह भी पढ़ें- जनकपुर अयोध्या ट्रेन के लिए नई व्यवस्था, जयनगर में कस्टम जांच के बाद ही रवाना होगी सरयू कमला एक्सप्रेस