'मोदी-योगी सरकार में ही सुलझेगा आरक्षण का मुद्दा', यूपी चुनाव के लिए संजय निषाद ने मांगा हारी सीटों पर मौका
मत्स्य मंत्री डॉ. संजय निषाद ने अयोध्या में कहा कि निषाद पार्टी 2027 विधानसभा चुनाव भाजपा के साथ मिलकर लड़ेगी और हारी सीटों पर मौका मांगा।

2027 में भाजपा के साथ निषाद पार्टी।
HighLights
निषाद पार्टी 2027 विधानसभा चुनाव भाजपा के साथ लड़ेगी।
आरक्षण का मुद्दा मोदी-योगी सरकार ही सुलझा सकती है।
अयोध्या में निषाद समाज की विशेष आस्था जुड़ी है।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। मत्स्य मंत्री और निषाद पार्टी अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद ने शनिवार को अयोध्या में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव निषाद पार्टी भाजपा के साथ मिलकर लड़ेगी। उन्होंने पिछली बार हारी सीटों पर आगामी चुनाव में पार्टी को मौका देने की मांग भी रखी।
मंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों ने निषाद समाज के हित में कई काम किए हैं। आरक्षण के सवाल पर बोले, मोदी-योगी सरकार में ही इसका समाधान संभव है।
उन्होंने राम मंदिर निर्माण, निषादराज की प्रतिमा और महिलाओं को आरक्षण दिए जाने का भी उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान राम और निषादराज की मित्रता के चलते अयोध्या से निषाद समाज की विशेष आस्था जुड़ी है। निषाद छात्रावास के मुद्दे पर मुख्यमंत्री से मुलाकात कर न्यायपूर्ण समाधान का भरोसा दिया।
