विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अयोध्या में इस साल भी होगा रामलला का तिलकोत्सव, नेग लेकर जनकपुरधाम से आएंगे तिलकहरू 

Published: Tue, 17 Nov 2026 06:30 AM (GMT+05:30)

अयोध्या में इस साल भी भगवान श्रीराम का भव्य तिलकोत्सव आयोजित होगा, जिसमें माता जानकी के मायके जनकपुरधाम से बड़ी संख्या में तिलकहरू उपहार लेकर पहुंचेंगे।

रामलला और रामलला के तिलकोत्सव में जनकपुर के लोगों की ओर से दिए गए उपहार

रामलला और रामलला के तिलकोत्सव में जनकपुर के लोगों की ओर से दिए गए उपहार

HighLights

  1. अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य तिलकोत्सव होगा आयोजित।

  2. जनकपुरधाम से तिलकहरू सोना-चांदी सहित उपहार लेकर पहुंचेंगे।

  3. राम बरात जनकपुर के लिए प्रस्थान करेगी, तिथि अभी तय नहीं।

लवलेश कुमार मिश्र, अयोध्या। भगवान श्रीराम का भव्य तिलकोत्सव इस बार भी आयोजित होने जा रहा है। अपने पाहुन (दामाद) का तिलक चढ़ाने के लिए माता जानकी के मायके जनकपुरधाम से बड़ी संख्या में महिला व पुरुष तिलकहरू बन कर भार (नेग) स्वरूप सोना-चांदी सहित अन्य उपहार लेकर यहां पहुंचेंगे।

अयोध्या में रामसेवकपुरम में दोनों देशों के पारंपरिक रीति-रिवाज से तिलक चढ़ाया जाएगा। इसके उपरांत यहां से राम बरात जनकपुर के लिए प्रस्थान करेगी। इसमें स्थानीय साधु-संतों के साथ विहिप व संघ के पदाधिकारी भी सम्मिलित होंगे।

इस पारंपरिक आयोजन की तैयारियां दोनों तरफ प्रारंभ हो गई हैं। हालांकि, अभी तिथि नहीं सुनिश्चित हुई है। नेपाल विहिप के धनुषा जिलाध्यक्ष संतोष साह ने दूरभाष पर बताया कि शीघ्र ही बैठक कर आयोजन की रूपरेखा सुनिश्चित की जाएगी।

दो वर्ष पहले विश्व हिंदू परिषद अयोध्या और नेपाल की धनुषा जिला इकाई ने एक नई परपंरा शुरू करते हुए रामनगरी से राम बरात ले जाने से पहले रामलला का तिलक चढ़ाने की शुरुआत की थी। उसी परंपरा का निर्वहन इस वर्ष भी करने की सहमति बनी है।

वर्ष 2024 में 18 नवंबर को नेपाल के मधेश प्रदेश के मुख्यमंत्री सतीश कुमार सिंह अपने पांच कैबिनेट मंत्रियों सहित 501 तिलकहरू लेकर यहां पहुंचे थे। रामसेवकपुरम में आयोजित हुए तिलक समारोह में श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के तत्कालीन महासचिव व विहिप के केंद्रीय उपाध्यक्ष चंपतराय ने राजा दशरथ और जानकी मंदिर के छोटे महांत रामरोशनदास ने राजा जनक की भूमिका निभाई थी।

मधेश प्रदेश के मुख्यमंत्री ने माता जानकी के भाई के रूप में तिलक चढ़ाया था। जनकपुर के लोग वधू और अयोध्या के लोग वर पक्ष में शामिल रहे। यह आयोजन दोनों देशों के पारंपरिक रिश्तों की प्रगाढ़ता के उद्देश्य से आयोजित हुआ था। गत वर्ष 25 नवंबर को विवाह पंचमी के दिन ही राम मंदिर के स्वर्ण शिखर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ध्वजारोहण किया था।

इस कारण तिलकोत्सव नहीं आयोजित हुआ और दोनों तरफ के लोगों ने ध्वजारोहण की खुशियां मनाई थीं। इस बार दो वर्ष पहले की परंपरा को फिर निभाने की सहमति बन गई है। विहिप के केंद्रीय मंत्री व राम बरात समिति के संयोजक राजेंद्र सिंह पंकज ने बताया कि बरात ले जाने से पहले भव्य तिलकोत्सव आयोजित होगा। हालांकि अभी तिथि नहीं निश्चित हुई है। जनकपुर के लोगों की ओर से तिथि फाइनल की जाएगी, तो आयोजन की रूपरेखा तैयार होगी।

यह भी पढ़ें- 14 कोसी परिक्रमा और कार्तिक पूर्णिमा मेले के चलते बस्ती-अयोध्या फोरलेन पर डायवर्जन, 19 नवंबर तक लागू

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।