राम मंदिर दर्शन में बदलाव: तीनों आरतियों का समय बदला, अब दोपहर में एक घंटा आराम करेंगे रामलला
अयोध्या राम मंदिर में रामलला की दिनचर्या और दर्शन के समय में बदलाव किया गया है। अब दर्शन सुबह 7 ...और पढ़ें

फाइल फोटो।
HighLights
राम मंदिर दर्शन का समय सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक।
दोपहर में रामलला का विश्राम एक घंटे के लिए बढ़ा।
मंगला और शयन आरती सहित सभी आरतियों का समय बदला।
जागरण संवाददाता, अयोध्या। राम मंदिर में विराजमान रामलला की दिनचर्या रविवार से बदल गई। प्रात: पौने चार बजे उनका जागरण कराया गया, तो मंगला आरती साढ़े चार बजे संपन्न हुई। स्नान, श्रृंगार आदि के पश्चात साढ़े छह बजे श्रृंगार आरती हुई, तो सुबह सात बजे से भक्तों को दर्शन शुरू कराया गया। दोपहर में आधे घंटे के बजाय एक घंटे की मध्याह्न बंदी हुई, तो रामलला का विश्राम भी एक घंटे हो गया।
अब प्रतिदिन यही दिनचर्या रहेगी और रात्रि में साढ़े नौ बजे के बजाय रात्रि नौ बजे तक ही भक्तों को दर्शन सुलभ होगा। अब दस बजे के बजाय रात्रि साढ़े नौ बजे शयन आरती के पश्चात रामलला को शयन कराया जाएगा।
अब प्रतिदिन सुबह सात बजे से शुरू होगा दर्शन, रात्रि में नौ बजे तक ही चलेगा
श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने शरद ऋतु को देखते हुए धार्मिक समिति के सदस्यों की संस्तुति पर गत दिनों एक नवंबर से रामलला की दिनचर्या में बदलाव करने का निर्णय लिया था। धार्मिक समिति में शामिल स्थानीय संत-धर्माचार्यों ने रामलला का मध्याह्न में विश्राम आधे घंटे के बजाय एक घंटे करने का आग्रह किया था। इसी के दृष्टिगत ट्रस्ट ने अब मध्याह्न में मंदिर बंदी को दोपहर साढ़े 12 बजे से एक बजे के बजाय डेढ़ बजे तक कर दिया है।
तीनों आरतियों का समय भी बदला, दोपहर में एक घंटे हुआ रामलला का विश्राम
रविवार को यह नई व्यवस्था लागू कर दी गई। दिनचर्या में परिवर्तन से रामलला का शयन व विश्राम तो बढ़ गया, परंतु इससे उन भक्तों को थोड़ा असहजता हुई, जो अज्ञानतावश सुबह साढ़े छह बजे ही रामजन्मभूमि पथ पर लाइन में खड़े हो गए थे। इसी प्रकार दोपहर में दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं को आधे घंटे के बजाय एक घंटे तक लेन में खड़े होकर मंदिर खुलने की प्रतीक्षा करनी पड़ी।
बदली दिनचर्या तो 13 घंटे ही हो सके रामलला के दर्शन
नए निर्णय से अब दर्शनावधि कुल 13 घंटे ही रहेगी, जबकि इससे पहले भक्तों को कुल साढ़े 14 घंटे दर्शन मिल पाता था। वहीं, अब रामजन्मभूमि पथ के मुख्य प्रवेश द्वार से शाम साढ़े आठ बजे ही प्रवेश बंद हो जाएगा। अभी तक नौ बजे तक पहुंचने वाले भक्त भी प्रवेश पा जाते थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।