अयोध्या से जनकपुर के बीच 23 नवंबर से स्पेशल ट्रेन चलाने की तैयारी, PM मोदी दिखाएंगे हरी झंडी
अयोध्या और जनकपुर के बीच 23 नवंबर से विशेष साप्ताहिक रेल सेवा शुरू होगी, जिसे पीएम मोदी और नेपाल के पीएम वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाएंगे।

पीएम मोदी और ट्रेन की प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
23 नवंबर से अयोध्या-जनकपुर विशेष रेल सेवा शुरू होगी।
पीएम मोदी और नेपाल के पीएम वर्चुअल हरी झंडी दिखाएंगे।
धार्मिक संबंधों को मजबूती मिलेगी, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
प्रहलाद तिवारी, अयोध्या। भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर के बीच सदियों पुराने धार्मिक और सांस्कृतिक संबंध अब रेल कनेक्टिविटी से नई मजबूती हासिल करेंगे। दोनों पवित्र धामों को जोड़ने वाली साप्ताहिक विशेष रेल सेवा का संचालन 23 नवंबर से शुरू होने की तैयारी है।
करीब 604 किलोमीटर का सफर तय करने वाली इस ट्रेन को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह वर्चुअल माध्यम से संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर होने वाले समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के भी शामिल होने की संभावना है। हालांकि, कार्यक्रम के आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। संत-महांतों और नागरिकों में इस पहल को लेकर उत्साह है।
खास बात यह है कि 14 दिसंबर को जनकपुर में विवाह पंचमी का आयोजन होना है। उससे पहले प्रभु श्रीराम का तिलक लेकर जनकपुर से तिलकहरू आएंगे। अयोध्या के कारसेवकपुरम से परंपरागत रूप से बरात जनकपुर जाती है। ऐसे में विवाह पंचमी से पहले रेल सेवा शुरू होना रामायणकालीन सांस्कृतिक संबंधों को नई मजबूती देगा।
अयोध्या, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर सहित बिहार के कई शहरों और नेपाल के जनकपुर के बीच आवागमन आसान होगा। रामायण सर्किट पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
राम कचहरी के महांत शशिकांत दास ने कहा कि अयोध्या और जनकपुर का संबंध केवल दो शहरों का नहीं, बल्कि प्रभु श्रीराम और माता सीता के पवित्र रिश्ते से जुड़ा है। यह सेवा श्रद्धालुओं के लिए बड़ी सुविधा साबित होगी और दोनों देशों के धार्मिक व सांस्कृतिक संबंधों को मजबूती देगी।
श्रीराम वल्लभाकुंज के अधिकारी राजकुमार दास ने पहल का स्वागत करते हुए कहा कि अयोध्या और नेपाल के बीच त्रेता युग से धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंध हैं। भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह से जुड़ा यह रिश्ता रेल सेवा के माध्यम से और जीवंत होगा। श्रद्धालुओं का आवागमन बढ़ेगा।
यात्री सुविधा केंद्र का होगा उद्घाटन
ट्रेन के शुभारंभ के साथ ही अयोध्या धाम जंक्शन पर अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त यात्री सुविधा केंद्र का भी उद्घाटन प्रस्तावित है। इसमें देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को स्टेशन पर आधुनिक यात्री सुविधाएं मिल सकेंगी।
प्रस्तावित शेड्यूल
ट्रेन सप्ताह में एक बार संचालित होगी। प्रत्येक शनिवार को जनकपुर धाम और सोमवार को अयोध्या कैंट से रवाना होगी। दोनों टर्मिनल स्टेशनों के अलावा जयनगर, मधुबनी, शीशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम में ठहराव होगा। इससे मिथिलांचल और पूर्वी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।